मुजफ्फरनगर के लिये खुशखबरीः बड़े भू-भाग से गुजरेगा गोरखपुर एक्सप्रेस-वे, होगा अधिग्रहण

मुजफ्फरनगर। गोरखपुर एक्सप्रेसवे जनपद के बड़े भू-भाग से गुजरेगा, इसके लिए अधिसूचना जारी हो गई है। जनपद में इसका दायरा लगभग 53.5 किलोमीटर रहेगा। 30 गांवों के एक हजार से अधिक किसानों की 475.16 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा, जिसमें अधिकांश भूमि कृषि है।

पानीपत-गोरखपुर हाई स्पीड एक्सेस-नियंत्रित कारिडोर के निर्माण के लिए जनपद में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो रही है। जिन किसानों अथवा भू-स्वामियों की भूमि इस परियोजना में आ रही है, वे अधिसूचना के प्रकाशन की तिथि से 21 दिनों के भीतर अपनी आपत्तियां एडीएम वित्त एवं राजस्व के यहां दर्ज करा सकते हैं। अधिग्रहण की प्रक्रिया के बाद किसानों को निर्धारित मुआवजा दिया जाएगा। गोरखपुर एक्सप्रेस-वे बनने से चरथावल और पुरकाजी ब्लाक की सूरत बदलेगी।

क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क, औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। शामली से होते हुए गोरखपुर एक्सप्रेसवे जनपद के गांव रोनीहरजीपुर से जुड़ेगा और विभिन्न गांवों की बाहरी सीमा से होते हुए पुरकाजी ब्लाक को कवर करेगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि गोरखपुर एक्सप्रेस-वे के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। भूमि स्वामी 21 दिन के अंदर आपत्ति दे सकते हैं।

इन गांवों के किसानों की जमीन होगी अधिग्रहित
इन गांवों के किसानों की जमीन होगी अधिग्रहित रोनीहरजीपुर, पीपलहेड़ा, चरथावल, मुथरा, नंगलाराई, पीपलशाह, अरनाइच, मंगनपुर, बधाईकलां, सैदपुरकलां, रोहानाकलां, रोहाना खुर्द, सिंभालकी, कुतुबपुर, बरला, फलोदा, अब्दुलपुर, भोजाहेड़ी, मिर्जापुर, जमालपुर, हुसैनपुर, बैकुंठपुर, खेकडी, पांचली, फरखपुर, रजकल्लापुर, झबरपुर, गोधना, बहलोलपुर, खाईखेड़ी।