बैंक की दीवार तोड़कर लाखों उड़ाने वाले चोर से मुठभेड़: यूनियन बैंक चोरीकांड का खुलासा

मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सोमवार देर रात करीब 12 बजे जानसठ कोतवाली पुलिस और बैंक चोर के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी नीरज गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की रकम में से 4 लाख 17 हजार 500 रुपये, एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। यह चोरी 10 जून की रात थाना जानसठ क्षेत्र के तिसंग गांव स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की दीवार तोड़कर की गई थी। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

सोमवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी क्षेत्र में आने वाला है। सूचना पर जानसठ पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान नीरज के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बैंक चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली।

सीओ जानसठ ऋषिका सिंह के मुताबिक, आरोपी का कोई बड़ा आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। प्रारंभिक पूछताछ में नीरज ने बताया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था और आर्थिक तंगी के चलते उसने अकेले ही बैंक की दीवार तोड़कर लाखों रुपये चोरी करने की योजना बनाई थी।

सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी जानसठ भेजा गया है और उसके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।