मुजफ्फरनगर में गन्ने के खेत में घिरे शातिर चोर:पुलिस से मुठभेड़ में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में सोमवार देर रात करीब 12 बजे थाना नई मंडी पुलिस और दो शातिर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। चोरी की स्कूटी पर सवार होकर किसी वारदात को अंजाम देने निकले दोनों बदमाश पुलिस की घेराबंदी में फंस गए। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल होकर गिरफ्तार कर लिए गए।

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी की स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध बदमाश सिसौना मार्ग की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर सिसौना पुलिया के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध स्कूटी दिखाई दी। रुकने का इशारा करने पर आरोपी भाग निकले और रजवाहा पटरी की ओर दौड़ पड़े।

पीछा किए जाने पर आगे तीखे मोड़ पर उनकी स्कूटी फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाश गन्ने के खेत में घुस गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ के अजराड़ा निवासी वकील पुत्र असलम और गाजियाबाद के नहाली निवासी परवेज पुत्र फकीरा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों शातिर अंतर्राज्यीय अपराधी हैं। परवेज के खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर सहित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि वकील पर भी एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी की स्कूटी, अवैध तमंचे, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।