राजस्थान में टला बड़ा ट्रेन हादसा: गलत पॉइंट सेटिंग के बीच चला दी दयोदय एक्सप्रेस

बूंदी। बूंदी जिले के लाखेरी रेलवे स्टेशन पर रेल कर्मचारियों की सूझबूझ से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस (12181) को पॉइंट सही तरीके से सेट किए बिना ही प्लेटफॉर्म से रवाना कर दिया गया था। ट्रेन आगे बढ़ने ही वाली थी कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने खुले पॉइंट को देख लिया और तत्काल लाल झंडी दिखाकर ट्रेन रुकवा दी। समय रहते ट्रेन रोक दिए जाने से बड़ी दुर्घटना टल गई।

सिग्नल फेल होने से बनी असामान्य स्थिति
जानकारी के अनुसार, लाखेरी स्टेशन पर सिग्नल प्रणाली में तकनीकी खराबी के कारण पॉइंट सामान्य रूप से कार्य नहीं कर रहे थे। ऐसे में स्टेशन पहुंची दयोदय एक्सप्रेस को विशेष प्रक्रिया अपनाते हुए प्लेटफॉर्म पर लिया गया। ट्रेन को आगे रवाना करने से पहले संबंधित पॉइंट्स को क्लैंप कर सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित किया जाना था, लेकिन आरोप है कि यह प्रक्रिया पूरी किए बिना ही ट्रेन को रवाना करने की अनुमति दे दी गई।

खुले पॉइंट पर पड़ी नजर तो दिखाई लाल झंडी
इसी दौरान स्टेशन पर मौजूद मेट-46 रविंद्र पाल की नजर खुले पॉइंट पर पड़ी। उन्होंने तुरंत खतरे को भांपते हुए लोको पायलट को हाथ के संकेत देकर ट्रेन रोकने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे पॉइंट्समैन ने भी लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रुकने का संकेत दिया। कर्मचारियों के संकेत देखते ही लोको पायलट ने तत्काल ब्रेक लगाए और ट्रेन को मौके पर ही रोक दिया।

कुछ और आगे बढ़ती तो हो सकता था बड़ा हादसा
रेल कर्मचारियों के अनुसार, यदि ट्रेन कुछ और आगे बढ़ जाती तो उसके पटरी से उतरने की आशंका थी। घटना के बाद संबंधित पॉइंट को सही स्थिति में सेट कर क्लैंप किया गया, जिसके बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे रवाना किया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान ट्रेन करीब 25 मिनट तक प्रभावित रही।

अधिकारियों में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही कोटा मंडल के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक सहित संरक्षा, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं परिचालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल लाखेरी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जांच में सामने आई पॉइंट सेटिंग की गड़बड़ी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दयोदय एक्सप्रेस को डाउन लूप लाइन से रवाना किया जाना था, लेकिन पॉइंट संख्या 141 और 142 ट्रेन के निर्धारित मार्ग के अनुरूप सेट नहीं थे। इसी गड़बड़ी को कर्मचारियों ने समय रहते पकड़ लिया और ट्रेन को रोक दिया।

स्टेशन मास्टर समेत चार कर्मचारियों पर कार्रवाई
घटना के बाद स्टेशन मास्टर मुकेश मीणा सहित पॉइंट्समैन रामअवतार मीणा, मोहम्मद सिराज और निर्भय सिंह को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया। रेलवे प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की समिति गठित की है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि सिग्नल फेल होने के कारण असामान्य स्थिति बनी थी। हालांकि कर्मचारियों की सतर्कता से कोई दुर्घटना नहीं हुई। मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।