Maharashtra Shiv Sena UBT Split LIVE: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद बगावत देखने को मिली. बगावत की वो हवा पश्चिम बंगाल से हजारों किमी दूर महाराष्ट्र पहुंच चुकी है. उद्धव गुट के 6 सांसदों के पाला बदलने की चर्चा तेज हो गई है. दिल्ली में शिवसेना (UBT) ने संसदीय समिति की बैठक बुलाई है. हालांकि कई सांसदों से पार्टी का संपर्क टूट चुका है, खबर ये भी है कि उद्धव गुट के सांसद बगावत करके आज लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला से भी मुलाकात कर सकते हैं. इससे जुड़ी हुई हर-छोटी बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहें हमारा लाइव ब्लॉग.
मौजूदा हालात पर बोले भाजपा सांसद
मौजूदा हलचल के बीद बीजेपी विधायक आशीषराव देशमुख ने कहा कि मैंने सुना है कि संजय राउत चाहते हैं कि UBT के सभी विधायक और सांसद कांग्रेस में शामिल हो जाएं. इससे शरद पवार को राज्यसभा में विपक्ष का नेता और उद्धव ठाकरे को महाराष्ट्र कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाएगा, संजय राउत इस पर काम कर रहे हैं. इस घटनाक्रम से नाराज़ होकर UBT के सांसद लोकसभा स्पीकर से मिलने दिल्ली आए होंगे.
लोकसभा स्पीकर को भेजा जा सकता है लेटर
शिवसेना यूबीटी गुट पूरे मामले पर लीगल ओपनियन ले रही है, सूत्रों की मानें तो पार्टी ने पार्लियामेंट्री पार्टी की बैठक बुलाई है, जो सांसद बैठक में नहीं शामिल होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की योजना है. सांसद की सदस्यता रद्द लिए जाने के लिए लोकसभा स्पीकर को पार्टी की ओर से पत्र भी दिया जा सकता है.
अरविंद सावंत ने मांगा स्पीकर से समय
उद्धव ठाकरे गुट के सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात करेंगे, यह बैठक सुबह 11:00 बजे होनी है. अरविंद सावंत ने उद्धव ठाकरे की ओर से लोकसभा स्पीकर से मिलने का समय मांगा था. इस गुट की ओर से स्पीकर को एक पत्र सौंपा जाएगा. गुट के नेता के तौर पर अरविंद सावंत यह पत्र सौंपेंगे.
19 जून को है स्थापना दिवस
गौरतलब है कि 19 जून को शिवसेना का स्थापना दिवस है और उससे ठीक पहले ठाकरे गुट में बड़ी टूट की अटकलें लगाई जा रही हैं. यदि छह सांसद अलग समूह बनाकर शिंदे गुट में शामिल होते हैं, तो लोकसभा और महाराष्ट्र की राजनीति के समीकरण बदल सकते हैं. ऐसे में आज दिल्ली में होने वाली बैठकों, प्रेस कॉन्फ्रेंस और संभावित स्पीकर मुलाकात पर पूरे महाराष्ट्र ही नहीं बल्कि देश की नजरें टिकी हुई हैं.
स्पीकर से मुलाकात कर सकते हैं सांसद
आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है. सूत्रों के अनुसार बगावत की तैयारी में बताए जा रहे सांसद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं. इस मुलाकात के दौरान अलग संसदीय समूह बनाने या फिर एकनाथ शिंदे की शिवसेना को समर्थन देने संबंधी पत्र सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है. दूसरी ओर शिवसेना (यूबीटी) की ओर से अनिल देसाई, संजय राउत और अरविंद सावंत की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
सांसदों से संपर्क साधने की कोशिश
सांसदों के पाला बदलने की खबरों के बीच उद्धव ठाकरे गुट में बेचैनी बढ़ गई है और पार्टी नेतृत्व की ओर से सांसदों से लगातार संपर्क साधने की कोशिशें की जा रही हैं. वहीं, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी दिल्ली पहुंचे, लेकिन उसके बाद उनके जयपुर रवाना होने की खबर सामने आई. अब उनके आज फिर दिल्ली लौटने की संभावना जताई जा रही है.
दिल्ली पहुंचे सांसद
महाराष्ट्र की राजनीति में कल रात से चर्चा में रहे ‘ऑपरेशन टाइगर’ ने दिल्ली के सियासी गलियारों का तापमान बढ़ा दिया है. उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों के बगावत की तैयारी में होने की चर्चाओं ने पूरे दिन राजनीतिक हलकों में हलचल मचाए रखी. सूत्रों के मुताबिक परभणी के सांसद संजय जाधव, हिंगोली के नागेश पाटिल आष्टीकर, यवतमाल-वाशिम के संजय देशमुख, धाराशिव के ओमराजे निंबालकर, शिर्डी के भाऊसाहेब वाकचौरे और नासिक के राजाभाऊ वाजे दिल्ली पहुंच चुके हैं.