Bharuch CCTV Case: एक हैरान करने वाला और खौफनाक मामला गुजरात के भरूच से सामने आया है. यहां के कसाक इलाके में एक महिला पर सिर्फ इसलिए हमला कर दिया गया क्योंकि उसने बच्चों को ठीक से साइकिल चलाने की सलाह दी थी. यह पूरी घटना भरूच के कसाक इलाके की है, जहां कुछ बच्चे तेजी से साइकिल चला रहे थे. वहां बैठी एक महिला ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनसे कहा कि वे शांति से और धीरे साइकिल चलाएं ताकि किसी को चोट न लगे. बस, इतनी सी बात एक शख्स को इतनी नागवार गुजरी कि उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. वह आव देखा न ताव, सीधा महिला की तरफ झपटा.
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला आराम से एक कुर्सी पर बैठी हुई थी. तभी वह गुस्साया हुआ शख्स वहां आता है और बिना सोचे-समझे महिला पर हमला कर देता है. अचानक हुए इस हमले से महिला कथित तौर पर घायल हो जाती है.
सीसीटीवी में कैद हुई हैवानियत
सीसीटीवी में दिखता है कि पहले वह शख्स महिला पर चिल्लाती है और तभी एक अन्य महिला और एक बच्चा उसे रोकने का भरपूर प्रयास करता है. हालांकि, बात यहां रुकी नहीं और शख्स महिला पर हमला करने के लिए आगे बढ़ा. यह पूरी वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह वह शख्स महिला पर अपनी ताकत का रोब जमा रहा है. अब यह सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन चुका है.
पुलिस स्टेशन पहुंची महिला
बताया गया है कि इस हमले में महिला घायल हो गई. घटना के तुरंत बाद घायल महिला अपने परिवार के सदस्यों के साथ न्याय की गुहार लगाने ‘सी डिवीजन’ पुलिस स्टेशन पहुंची. महिला ने पुलिस को अपने साथ हुई इस आपबीती को सुनाया और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने महिला की हालत को देखते हुए तुरंत मामला दर्ज कर लिया है.
भरूच की सी डिवीजन पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. पुलिस अधिकारी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है.