बिहार में श्मशान से गर्भवती महिला का अधजला शव पुलिस ने किया बरामद, भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

पश्चिम चंपारण: बिहार के बेतिया के मझौलिया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक गर्भवती विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया गया है. इतना ही नहीं, आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार भी किया जा रहा था.

पुलिस ने श्मशान से निकाला शव: सूचना मिलने पर पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर अधजला शव बरामद किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना मझौलिया थाना क्षेत्र के रुलही गांव की है. बुधवार देर रात पुलिस ने रुलही सरेह स्थित श्मशान घाट से एक विवाहिता का अधजला शव बरामद किया. मृतका की पहचान रुलही वार्ड संख्या-3 निवासी श्याम यादव की 25 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी के रूप में हुई है.

ससुराल वालों पर हत्या का आरोप!: मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. योगापट्टी थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव निवासी मृतका के पिता ईश्वर यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि करीब ढाई वर्ष पूर्व उनकी पुत्री पुष्पा की शादी श्याम यादव से हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा भैंस खरीदने के लिए लगातार दहेज की मांग की जा रही थी. मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था.

गर्भवती थी पुष्पा: परिजनों का आरोप है कि दहेज नहीं मिलने पर पुष्पा की हत्या कर दी गई और फिर बिना मायके वालों को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश की गई. मृतका के मौसेरे भाई चंदन कुमार यादव ने बताया कि पुष्पा गर्भवती थी. उनका आरोप है कि पहले गला दबाकर उसकी हत्या की गई और फिर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला दिया गया.

“मेरी बहन गर्भवती थी. ससुराल वालों ने गला दबाकर उसकी हत्या की है और फिर साक्ष्य मिटाने के लिए बिना सूचना दिये शव को जला दिया गया.”-चंदन कुमार यादव, मृतका का मौसेरा भाई

पुलिस को पड़ोसियों ने दी सूचना: घटना की जानकारी पड़ोसियों के माध्यम से मायके पक्ष को मिली. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मझौलिया पुलिस श्मशान घाट पहुंची और अधजले शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया.

क्या कहती है पुलिस?: मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए थे. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

“फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हो गये हैं, जिनके लिए छापेमारी की जा रही है.”-अमर कुमार, मझौलिया थानाध्यक्ष