Kia Seltos, Sonet और Carens समेत कई कारें होंगी महंगी, इस तारीख से बढ़ने जा रही कीमत

Kia India Price Hike: अगर आप भी नई कार खरीदने का मन बना रहे हैं, तो अपनी प्लानिंग थोड़ी तेज कर दीजिए. भारतीय ऑटोमोबाइल सेक्टर में तहलका मचाने वाली दक्षिण कोरियाई कार बनाने वाली कंपनी Kia India ने ग्राहकों को बड़ा झटका देते हुए अपनी सभी गाड़ियों के दाम बढ़ाने का ऐलान कर दिया है. कंपनी का पूरा लाइनअप महंगा होने जा रहा है, जिसमें पेट्रोल-डीजल (ICE) से लेकर इलेक्ट्रिक वाहन (EVs) तक शामिल हैं. तो अगर आप Kia की कार लेने का प्लान कर रहे हैं और ज्यादा चार्ज नहीं देना चाहते हैं, तो जल्दी ही बुकिंग करा लीजिए. आइए जानते हैं कब से Kia कार की कीमत बढ़ने जा रही है, और इसका आप पर इतना असर होगा.

Kia India ने अपने कस्टमर्स को बड़ा झटका देते हुए अपनी सभी गाड़ियों के दाम बढ़ाने का आधिकारिक ऐलान किया है. अगले महीने की पहली तारीख यानी 1 जुलाई से कंपनी का पूरा लाइनअप महंगा होने जा रहा है, जिसमें पेट्रोल-डीजल से लेकर इलेक्ट्रिक वाहन भी शामिल हैं. 1 जुलाई से कंपनी की सभी कारें 2 प्रतिशत तक महंगी हो जाएंगी.

कंपनी के अनुसार, नई कीमतें पेट्रोल-डीजल और इलेक्ट्रिक दोनों तरह के मॉडल्स पर लागू होंगी. किस मॉडल और वेरिएंट पर कितने दाम बढ़ेंगे, इसकी सटीक जानकारी 1 जुलाई को ही सामने आएगी.

क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
Kia इंडिया के मुताबिक गाड़ियों को बनाने की लागत और कंपनी के दूसरे खर्चों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इसी कारण से उन्हें कीमतों में इजाफा करना पड़ रहा है. हालांकि, कंपनी का कहना है कि उन्होंने बढ़ी हुई लागत का एक बड़ा हिस्सा खुद झेला है और कस्टमर्स पर इसका बहुत कम असर डालने की कोशिश की है.

Kia के इन मॉडल्स पर पड़ेगा असर
Kia के भारतीय पोर्टफोलियो में कई पॉपुलर कार शामिल हैं, जिन पर इस प्राइस हाइक का असर दिखेगा. इनमें शामिल हैं-

सोनेट (Sonet)

सेल्टोस (Seltos)

कारेंस (Carens)

क्लेविस (Clavis)

सायरॉस (Syros)

कार्निवल (Carnival)

EV6 और EV9 ये कंपनी की सबसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारें हैं.

बाकी कंपनियां भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें
ऑटो सेक्टर में कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के कारण सिर्फ Kia ही नहीं, बल्कि कई दूसरी कंपनियां भी अपने दाम बढ़ा चुकी हैं. हाल ही में टाटा मोटर्स, बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज-बेंज, हुंडई और निसान जैसी कंपनियों ने भी अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाई हैं. देश की सबसे बड़ी कार बनाने वाली कंपनी मारुति सुजुकी ने भी 1 जून से अपनी कारों के दाम 30,000 रुपये तक बढ़ा दिए हैं.