मुजफ्फरनगर में प्रेमजाल में फंसाकर कराया धर्मांतरण; मांस खिलाने और लाखों की ठगी का आरोप

मुजफ्फरनगर : जनपद के भोपा थाना क्षेत्र में प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराकर नमाज पढ़ाने और मांस खिलाने का मामला सामने आया है. इस मामले में गुरुवार को एक विधवा महिला कुछ हिंदूवादी नेताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची. महिला ने एक व्यक्ति पर पहचान छुपाकर प्रेमजाल में फंसाने, निकाह के जरिये धर्मांतरण कराने और लाखों रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, नोएडा निवासी एक महिला ने हिंदूवादी नेताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को एक शिकायत पत्र दिया. महिला ने आरोप लगाया कि भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव निवासी पांच बच्चों के पिता अशफाक की मुलाकात उससे 10 साल पूर्व 2016 में एक राजनैतिक कार्यक्रम में हुई थी. महिला का आरोप है कि आरोपी ने अपना नाम राजू उर्फ राजीव बालियान बताया था.

पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उन्हें प्रेमजाल में फंसाया. महिला ने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी शादीशुदा निकाला और उसके पांच बच्चे हैं. आरोपी मुजफ्फरनगर के थाना भोपा का रहने वाला है.

पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2017 में आरोपी ने निकाह किया. इसके बाद आरोपी बहला फुसलाकर अपने घर ले गया. महिला का आरोप है कि वहां उसे धोखे से मांस खिलाया गया. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उनका फ्लैट बिकवा दिया, उन्हें सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया. महिला का आरोप है कि कुछ और भी लोग इनके साथ शामिल हैं.

भोपा क्षेत्राधिकारी लक्ष्मण वर्मा ने बताया कि थाना भोपा पर नोएडा की रहने वाली एक महिला ने शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन करने संबंधी एक तहरीर दी है. जिसमें सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करके विधिक कार्रवाई की जा रही है. विवेचना प्रचलित है.