मुजफ्फरनगर-बुढ़ाना मार्ग पर हरसौली पुलिस चौकी के पास स्विफ्ट कार की टक्कर से स्कूटी सवार सहारनपुर के देवबंद निवासी अब्दुल (18) और उसकी मां साहिबा (48) की मौत हो गई। बहन जैनब की हालत गंभीर है। परिजनों ने साहिबा का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
देवबंद निवासी राशिद की बेटी का निकाह बुढ़ाना में हुआ है। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे राशिद की पत्नी सहिबा, दूसरी बेटी जैनब (14) और बेटा अब्दुल स्कूटी पर सवार होकर बुढ़ाना जा रहे थे। हरसौली पुलिस चौकी के पास शाहपुर की ओर से आ रही अनियंत्रित स्विफ्ट कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्कूटी सवार दूर जा गिरे। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। इस दौरान चालक कार छोड़कर भाग गया। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर ले जाया गया।
गंभीर हालत में अब्दुल को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जबकि साहिबा और जैनब को मुजफ्फरनगर के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। बृहस्पतिवार को अब्दुल और साहिबा की मौत हो गई। परिजनों ने सिर्फ अब्दुल का पोस्टमार्टम कराया है। घायल जैनब की हालत गंभीर बनी हुई है।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह का कहना है कि बुधवार देर रात हादसा हुआ है। कार के मालिक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
दो साल में बिखर गया पूरा परिवार
दो वर्ष पहले बीमारी के कारण परिवार के मुखिया की मौत हुई थी और अब सड़क दुर्घटना में उनकी पत्नी व जवान बेटे की जान चली गई। बृहस्पतिवार शाम मां-बेटे को नम आंखों के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया। करीब दो वर्ष पूर्व परिवार के मुखिया राशिद की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मां और बेटे की मौत के बाद परिवार में घायल बेटी और एक भाई असद बचा है। जबकि बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है।