हिमाचल में आर्थिक तंगी से परेशान मां-बेटे ने की खुदकुशी, जहरीला पदार्थ निगलने से मौत

शिमला: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला मुख्यालय के रौड़ा सेक्टर में बुजुर्ग महिला और उसके बीमार बेटे की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान कुमुद शर्मा (66) और उनके बेटे अक्षांश (36) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से अर्की के रहने वाले थे। कुछ समय से रौड़ा सेक्टर में किराये के मकान में रह रहे थे।

अक्षांश लंबे समय से गंभीर बीमारी से ग्रस्त था
अक्षांश लंबे समय से गंभीर बीमारी से ग्रस्त था। पिछले दो-तीन वर्षों से उसकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि वह चलने-फिरने में भी असमर्थ था। उसकी मां कुमुद शर्मा सेवानिवृत्त शिक्षक थीं। शुक्रवार दोपहर काफी देर तक घर में कोई गतिविधि दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। जब आसपास के लोग घर के भीतर पहुंचे तो मां-बेटा मृत अवस्था में मिले।

दोनों ने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया, इसका नहीं हो पाया खुलासा
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बेटे की गंभीर बीमारी और आर्थिक तंगी से परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया। हालांकि दोनों ने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि रौड़ा सेक्टर में मां-बेटे के जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।