नीट परीक्षा से पहले बिहार EOU अलर्ट, 135 संदिग्धों पर नजर, फर्जी कॉल-मैसेज से रहें सावधान

Bihar EOU NEET-UG 2026: बिहार पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस यूनिट (EOU) ने 21 जून को होने वाली नीट-यूजी 2026 परीक्षा से पहले सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम बेहद कड़े कर दिए हैं. परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए एजेंसी ने एक स्पेशल मॉनिटरिंग सेल का गठन किया है. इस सेल के जरिए कई संदिग्ध लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि परीक्षा में किसी भी तरह की धांधली को रोका जा सके.

135 पुराने संदिग्धों पर पुलिस की नजर
ईओयू के मुताबिक, राज्य के ऐसे 135 लोगों की लिस्ट तैयार कर उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, जो पहले भी प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, धोखाधड़ी, किसी दूसरे की जगह परीक्षा देने (स्कॉलर बैठने) या अन्य गड़बड़ियों में पकड़े जा चुके हैं. पुलिस इन सभी की हर हरकत को ट्रैक कर रही है.

फर्जी कॉल और सोशल मीडिया पोस्ट से रहें सावधान
ईओयू ने उम्मीदवारों और उनके माता-पिता के लिए एक जरूरी पब्लिक एडवाइजरी जारी की है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि साइबर अपराधी और ठग इस समय एक्टिव हो सकते हैं. ये लोग छात्रों को फर्जी फोन कॉल, मैसेज, ईमेल या सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ठगने की कोशिश कर सकते हैं. वे पैसों के बदले असली प्रश्न पत्र, आंसर-की या परीक्षा में पक्की सफलता दिलाने का झूठा दावा करते हैं.

फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर निगरानी
ठगों और अफवाह फैलाने वालों को पकड़ने के लिए ईओयू की टीम फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम, व्हाट्सएप और एक्स जैसे बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को लगातार स्कैन कर रही है. जांच एजेंसियों को अंदेशा है कि कुछ असामाजिक तत्व परीक्षा की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने के लिए फर्जी प्रश्न पत्र या मनगढ़ंत उत्तर कुंजी इंटरनेट पर वायरल कर सकते हैं.

अफवाह फैलाई तो होगी जेल, ईओयू ने दी चेतावनी
पुलिस ने उम्मीदवारों और आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर तैर रही किसी भी बिना पुष्टि वाली खबर या पोस्ट को आगे फॉरवर्ड न करें. अधिकारियों का कहना है कि ऐसी गलत जानकारियों से छात्रों में डर और घबराहट पैदा होती है. ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उम्मीदवारों से कहा गया है कि वे केवल अधिकृत सरकारी एजेंसियों की बातों पर ही भरोसा करें.

गड़बड़ी दिखने पर स्क्रीनशॉट लें और इस नंबर पर बताएं
अगर आपको ऑनलाइन कोई ऐसा कंटेंट, पोस्ट या वीडियो दिखता है जिसमें नीट का पेपर लीक होने का दावा किया जा रहा हो, तो तुरंत उसका स्क्रीनशॉट लें. उस पोस्ट का लिंक, यूआरएल और अकाउंट की जानकारी सुरक्षित रख लें. ईओयू ने संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत शिकायत के लिए एक मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर 9031829067 और नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 जारी किया है. आप सीधे नजदीकी साइबर पुलिस स्टेशन में भी इसकी शिकायत दे सकते हैं. परीक्षा केंद्रों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बल मुस्तैद हैं और बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी.