लखनऊ: यूपी में शनिवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। राजभवन के लॉन में सुबह 6 बजे हुए सामूहिक योग कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी शामिल हुईं और लोगों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान आनंदीबेन पटेल ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
बता दें, इस साल योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ रखी गई है। वहीं सीएम योगी ने झांसी में आयोजित योग कार्यक्रम के दौरान योग किया। विश्व योग दिवस पर भाजपा प्रदेशभर में ‘योग से निरोग’ का संदेश देकर जन-जन को योग से जोड़ने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय परंपराओं और विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ ही हम सबके लिए ऐसा विजन प्रस्तुत किया है, जिससे 140 करोड़ भारतीय आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार कर सकें।
महराजगंज में योग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महाराजगंज में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रनिधियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ योग किया। योग दिवस पर यूपी के दो उप मुख्यमंत्री और प्रदेश महामंत्री संगठन ने अलग-अलग जगह योग किया। केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज पहुंचे, ब्रजेश पाठक लखनऊ में रहे और धर्मपाल सिंह ने राजाजीपुरम में योगाभ्यास किया।
बदायूं में योग कार्यक्रम
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बदायूं में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी शामिल हुए। उन्होंने लोगों से स्वस्थ तन और मन के लिए योग को रोज की दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। पुलिस परेड ग्राउंड में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आम लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग अभियान की सराहना करते हुए कहा कि आज दुनिया भर में योग की स्वीकार्यता तेजी से बढ़ रही है।
उन्नाव डीएम और एसएसपी ने योग किया
उन्नाव में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अफसरों ने योग की पाठशाला लगाई। पुलिस लाइन में आयोजित योगाभ्यास में राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिलाधिकारी घनश्याम मीना और एसएसपी जेपी सिंह ने मुख्य अतिथि व अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर योग किया। अफसरों ने योगाभ्यास के जरिए लोगों को स्वस्थ और निरोग रहने का संदेश दिया।
जालौन में योगाभ्यास का आयोजन
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनपद जालौन योगमय वातावरण में डूबा रहा। इस वर्ष की थीम को आत्मसात करते हुए पुलिस लाइन उरई में आयोजित मुख्य जनपदीय कार्यक्रम से लेकर ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं सामाजिक संस्थाओं तक सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया।
इसके साथ ही प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, पार्षद, नगर पालिका-पंचायत अध्यक्ष व सदस्य और आयोग-बोर्ड-निगम के पदाधिकारी भी स्थानीय नागरिकों के साथ योग कार्यक्रम में जुड़े। पार्टी के प्रदेश से बूथ स्तर तक के सभी नेता और कार्यकर्ता भी योग में सहभागी बने।