यूपी में अगले 5 दिनों तक लू से राहत नहीं, 31 से अधिक जिलों में हीटवेव का अलर्ट

UP Weather: यूपी में गर्मी का सिलसिला जारी है। मॉनसून की सुस्ती और मौसम गतिविधियों के अनुपस्थिति के कारण ऐसा हो रहा है। मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के मुताबिक प्रदेश के 31 से अधिक जिलों में लू यानी हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वांचल और मध्य यूपी के कई इलाकों में अगले चार से पांच दिनों तक गर्म हवाओं से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि बारिश की गतिविधियां फिलहाल कमजोर हैं और मॉनसून की प्रगति के लिए भी अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन रही हैं। ऐसे में लोगों को अभी कुछ दिन और भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, इस बीच बांदा लगातार तीसरे दिन 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। शनिवार को प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, बहराइच और लखीमपुर खीरी समेत कई जिले लू की चपेट में रहे, जबकि 16 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

कानपुर में भी बढ़ा पारा
कानपुर के सीएसए कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात का पारा 29.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो सीजन की सबसे गर्म रात रही। मौसम विभाग के अनुसार, 24 जून तक कानपुर समेत पूर्वी यूपी में हीटवेव का यलो अलर्ट रहेगा। वहीं, पिछले 72 घंटों से दिन के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। कानपुर में शनिवार को दिन का पारा 41 से 42.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है। इसी तरह रात का पारा 27.6 से बढ़कर 29.6 डिग्री सेल्सियस हो गया जो सामान्य से 02 डिग्री अधिक है। जून महीने में यह सर्वाधिक न्यूनतम पारा है जो 30 के नजदीक पहुंच गया।

इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
लखनऊ, कानपुर नगर, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी और अंबेडकर नगर।

दिन के साथ रात में भी बढ़ेगी गर्मी
सीएसए के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि हीट वेव बनी रहेगी। उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहेगा। तापमान में अभी और वृद्धि संभव है। दिन के साथ रात की गर्मी भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि इस उमस भरी गर्मी में हीट स्ट्रोक से बचना चाहिए। लगातार पानी पीते रहना चाहिए। पूरी सावधानी के साथ ही घर से बाहर निकलें।