मेरठ। मेरठ-गढ़ रोड स्थित गांव मुरलीपुर में कैंडल बनाने की आड़ में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में रविवार को तेज धमाका होने से अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो बारूद और पटाखा-बम का जखीरा देख उनके होश उड़ गए।
मुरलीपुर निवासी भूपेंद्र पुत्र विजेंद्र के एक मकान में वर्षों से अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। किसी को शक न हो, इसलिए लोगों को कैंडल बनाए जाने को बात बताई गई थी। फैक्ट्री के गेट अधिकतर बंद रहते थे। फैक्ट्री में काम करने के लिए बाहर से महिलाओं को लाया गया था।
रविवार सुबह फैक्ट्री में सुखाने के लिए रखे गए पटाखा बमों में अचानक जोरदार धमका हुआ और पूरी फैक्ट्री में धुआं छा गया। तेज आवाज सुनकर आपसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो बारूद और पटाखा बमों का जखीरा देख उनके होश उड़ गए। उधर, सूचना पर पुलिस, दमकल विभाग की गाड़ियां एवं फॉरेंसिक टीमें भी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने यहां से भरी मात्रा में तैयार पटाखे और पटाखे बनाने का सामान बरामद किया। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक भूपेंद्र और ठेकेदार अमित पुत्र जगपाल को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि पटाखा बम में आग लगाने से धमाका हुआ था। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई है।