समस्तीपुर : बिहार का कुख्यात और 1.25 लाख रुपये का इनामी बदमाश लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह सहारनपुर में एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारा गया है. ललन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला था और कई संगीन मामलों में वांछित था. उस पर बिहार और यूपी में दो दरोगा, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड समेत 7 हत्याएं, डकैती और ATM कैश वैन लूटने जैसे कई संगीन मामले दर्ज थे. उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं.
कहां हुई मुठभेड़?
21/22 जून की रात सरसावा-नकुड़ रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. बताया गया कि रविवार की रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सरसावा-नकुड़ रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी और इसी दौरान संदिग्ध बदमाशों से पुलिस का सामना हो गया. पुलिस द्वारा रोकने की कोशिश करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में लल्लन सिंह गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. मुठभेड़ में घायल बदमाश ललन सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
7 हत्याओं समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज थे
वाराणसी में सब-इंस्पेक्टर को गोली मारकर सर्विस पिस्टल लूटने के मामले में भी आरोपी था. चंदौली में फायरिंग और लूट की वारदात में भी उसका नाम सामने आया था. पुलिस के अनुसार ललन सिंह और उसके गिरोह पर कई जघन्य अपराध दर्ज थे. सात हत्याओं, बैंक डकैती, कैश वैन लूट और सरकारी हथियार लूटने जैसे मामलों में शामिल था. वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने उस पर ₹1 लाख और चंदौली पुलिस ने ₹25 हजार का इनाम घोषित किया था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.