कहीं आप असली के चक्कर में मिलावटी घी तो नहीं खा रहे? ये 2 रंग दिखे तो समझिए खतरे की घंटी

Tips for Identifying Adulterated Ghee: घी खाना हम सबको बहुत पसंद होता है. रोटी या सब्जी में घी मिलाने से न केवल उनका स्वाद बढ़ जाता है बल्कि इससे शरीर को फैट भी मिलता है. जिससे हमारी सेहत अच्छी बनती है. यही वजह है कि आपको हरेक घर में रखा घी से भरा डिब्बा दिख जाएगा. शरीर के लिए बेहद जरूरी होने के बावजूद लोग आजकल घी को खाने से हिचक रहे हैं. इसकी वजह उसमें बढ़ती मिलावट है, जो सेहत सुधारने के बजाय हेल्थ बिगाड़ने का काम कर रही है.

मिलावटी घी क्या होता है? किन चीजों की होती है मिलावट
मिलावटी घी को बनाने के लिए सस्ते तेल, फैट, केमिकल, आलू, यूरिया, फ्रेशनर, स्वीटनर मिलाए जाते हैं. इनमें कई ऐसी खतरनाक चीजें मिलाई जाती हैं, जो उसकी गुणवत्ता और सुरक्षा दोनों को कम कर देते हैं. इससे घी का पोषण मूल्य घट जाता है और स्वास्थ्य जोखिम भी बढ़ता है.

अब फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI)ने घी में मिलावट का पता लगाने के लिए कई टिप्स जारी किए हैं. एक्स पर पोस्ट करके एजेंसी ने लिखा, ‘घी लगभग हर भारतीय घर का हिस्सा है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो घी आप इस्तेमाल कर रहे हैं, वह वनस्पति या हाइड्रोजनीकृत खाद्य वसा से मिलावटी तो नहीं है? इस वीडियो को देखें और घर पर आसानी से टेस्ट करके पता करें! सूचित रहें, सुरक्षित रहें!’

घी के असली-नकली होने की पहचान कैसे करें?
एक टेस्ट ट्यूब में 1 मिलीलीटर पिघला हुआ घी लें.

उसमें 1 मिलीलीटर सांद्र हाइड्रोक्लोरिक एसिड (HCl) मिलाएं.

फिर आधा चम्मच टेबल शुगर (सामान्य चीनी) डालें.

मिश्रण को कम से कम दो मिनट तक अच्छी तरह हिलाएं.

फिर इसे स्थिर होने दें और अलग होने दें.

घी अगर शुद्ध होगा तो उसके रंग में कोई बदलाव नहीं होगा.

अगर घी में मिलावट होगी तो उसका रंग लाल या गुलाबी हो जाएगा.

टेस्ट करने में बरतें सावधानी
अगर आप घर पर घी में मिलावाट जांचने के लिए HCl वाला टेस्ट करना चाहते हैं तो सजगता बरतें. इसकी वजह ये है कि यह तेज एसिड है, जिसकी बूंदे शरीर पर पड़ जाए तो नुकसान हो सकता है. सही ढंग से घी का टेस्ट करने पर असली-नकली का पता चल सकता है. अगर आपको जरूरत महसूस हो तो प्रमाणित लैब में भी जांच करवा सकते हैं.