नोएडा। नोएडा में शराब के नशे में धुत युवती ने जमकर हंगामा किया। वह बीच सड़क पर हाथ में सिगरेट और शराब की बोतल रखकर लेट गई। इस दौरान वहां से गुजरने वाले राहगीरों को काफी समस्या हुई। अब युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 1 जून 2026 की बताई जा रही है। आम्रपाली रिवर व्यू सोसायटी में रहने वाली 32 साल की युवती शराब पीने के बाद सड़क पर आ गई। बीच रास्ते में लेटकर शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ी।
लोगों ने समझाया, नहीं मानी
मौके पर मौजूद लोगों ने युवती को समझाने और सड़क से हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हंगामा करती रही। मामला जब राहगीरों से नहीं संभला, तो पुलिस को सूचना दी। कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित सड़क से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र सिंह ने बताया कि युवती को कोतवाली लाया गया, जहां उसका मेडिकल टेस्ट परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट आने के बाद उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।