Gold Price: अमेरिका-ईरान डील की उम्मीद में सोने ने लिया यूटर्न, कीमत में तेज उछाल, कहां पहुंचा भाव ?

Gold Rate Today: अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर स्विट्जरलैंड में शांति वार्ता जारी है, लेकिन इस मीटिंग हॉल का माहौल गरमाया हुआ है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद शांति समझौता पर संकट मंडराने लगा है. इन सबके बीच सोने की कीमत में बड़ी तेजी लौटी है. सोना महंगा होने लगा है. MCX पर सोना खुलने के साथ ही 377 रुपये उछल गया और कीमत 1,47,580 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई.

ग्लोबल मार्केट में सोने की कीमत में 22 जून को बड़ा उछाल देखने को मिला है. 22 जून को कॉमैक्स गोल्ड की कीमत करीब 29 डॉलर की बढ़त के साथ 4,180. 99 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. सोने की कीमत में तेजी लौटने के पीछे कई फैक्टर्स हैं, लेकिन सबसे बड़ी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी है. 4,140.49 डॉलर प्रति औंस पर खुलने के बाद गोल्ड महंगा होते हुए 4,180. 99 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है. JM Financial Services के वाइस प्रेसिडेंट प्रणव मेर के मुताबिक सोना और चांदी में फिलहाल सीमित दायरे या सुधार वाला रुख दिख रहा है. बाजार की नजर अमेरिका और ईरान के बीच होने वाले शांति समझौते, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के खुलने और कच्चे तेल की आवाजाही पर टिकी है.

भारत में सोने-चांदी की कीमत
भारत में बीते हफ्ते सोने-चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट देखी गई. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट पर जारी रेटलिस्ट के मुताबिक पिछले 20 जून को खत्म हुए हफ्ते में सोने के दाम में करीब 2830 रुपए की गिरावट आई और 24 कैरेट शुद्धता वाला सोना 1.45 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इसी तरह से 1 किलो चांदी 10689 रुपये गिरकर 2.32 लाख रुपए पर आ गई .

24 कैरेट से लेकर 18 कैरेट तक सोने की कीमत
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट पर जारी रेटलिस्ट के मुताबिक 24 कैरेट से लेकर 18 कैरेट तक सोने की कीमत इस तरह से हैं.

24 कैरेट शुद्धता वाले सोने का भाव 1,44,361 रुपये प्रति 10 ग्राम .
22 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,32,766 रुपये प्रति 10 ग्राम.
18 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,08,706 रुपये प्रति 10 ग्राम.
1 किलो चांदी की कीमत 2,30,982 रुपये पर पहुंच गई है.