दुल्हन की विदाई में बदमाशों ने मचाया बवाल, बारात का रोका रास्ता, चाचा के तोड़ दिए दांत

Dungarpur Latest News : डूंगरपुर जिले के सदर थाना इलाके के माथुगामड़ा पाल गांव में एक शादी समारोह उस समय तनाव में बदल गया जब दुल्हन की विदाई के दौरान कुछ युवकों ने बारात का रास्ता रोक दिया. समझाइश के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने दुल्हन के चाचा पर पत्थरों से हमला कर दिया गया. हमले में उसके छह दांत टूट गए. बाद में उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. घटना से शादी की खुशियां काफूर हो गई और वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया. अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. आरोपी कौन थे और उन्होंने बारात का रास्ता क्यों रोका इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है.

दुल्हन की विदाई में बदमाशों ने मचाया बवाल, चाचा के तोड़ दिए दांत
बदमाशों के हमले का शिकार हुए दुल्हन के चाचा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस के अनुसार माथुगामड़ा पाल गांव में मंगलवार को अमृतलाल कटारा की भतीजी का विवाह समारोह था. पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्सव के माहौल के बीच शादी की रस्में संपन्न हुईं. दुल्हन की विदाई की तैयारियां चल रही थीं और परिजन बारात को सम्मानपूर्वक विदा कर रहे थे. इसी दौरान चार युवक मौके पर पहुंचे और बारात के आगे खड़े होकर उसका रास्ता रोक दिया. अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में असमंजस की स्थिति बन गई. परिजनों ने माहौल खराब न हो इसके लिए युवकों को समझाने का प्रयास किया.

देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया
अमृतलाल कटारा और कमलेश कटारा ने उन्हें रास्ते से हटने और विदाई समारोह में व्यवधान नहीं डालने की बात कही. बताया जा रहा है कि समझाइश से नाराज होकर युवक उग्र हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. आरोप है कि झगड़े के दौरान एक युवक ने अमृतलाल कटारा पर पत्थरों से हमला कर दिया. पत्थर सीधे उनके मुंह पर लगा, जिससे उसके छह दांत टूट गए और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं.

ग्रामीणों के आने पर आरोपी मौके से भाग छूटे
घटना के बाद विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों को आता देख आरोपी युवक वहां से फरार हो गए. परिजन घायल अमृतलाल को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है. बाद में परिजनों ने जैसे-तैसे करके बारात को वहां से विदा किया. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.