जयपुरः लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से 17 जून को कोटा में छात्रों से संवाद कार्यक्रम किए जाने के बाद अब इस मामले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी देशव्यापी मुहिम शुरू करने जा रही है. इसे लेकर गुरुवार को कांग्रेस देशभर के 28 शहरों में एक साथ प्रेस कांफ्रेंस कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेगी.
28 शहरों में प्रेस कांफ्रेंस के लिए 28 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है. इस संबंध में देर रात कांग्रेस के संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल ने नेताओं की लिस्ट जारी की है. कांग्रेस पार्टी ने देश भर के जिन 28 शहरों में प्रेस कांफ्रेंस करने का निर्णय लिया है. उनमें से तीन राजस्थान में है. उनमें जयपुर, कोटा और सीकर शामिल है. जयपुर में अशोक तंवर, कोटा में जिग्नेश मेवानी और सीकर में श्रीनिवास बीवी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांगः वेणुगोपाल ने लिस्ट जारी करते हुए कहा कि इस अभियान के जरिए कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाएगी. कांग्रेस का मानना है कि इस सुधार की शुरुआत केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से होनी चाहिए. मोदी सरकार की शिक्षा के प्रति दूर दृष्टि की कमी और कट्टरपंथी सोच का प्रतीक है कि शिक्षा व्यवस्था का ढांचा आज पूरी तरह से चरमरा गया है. कांग्रेस का कहना है कि पिछले 12 वर्षों में आरएसएस और बीजेपी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में केवल निजीकरण, केंद्रीकरण और शिक्षा के भगवाकरण की नीति को आगे बढ़ाया है. वहीं, देश के युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में बहुत कम प्रयास किए गए हैं. कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वर्तमान संकट केवल बेरोजगारी का नहीं, बल्कि युवाओं की रोजगार योग्य क्षमता के अभाव का भी है. यह प्रेस कॉन्फ्रेंस एक आधुनिक समावेशी शिक्षा व्यवस्था के निर्माण पर राष्ट्रीय संवाद की शुरुआत करेगी.
यह नेता करेंगे कांफ्रेंसः कांग्रेस की ओर से जारी लिस्ट के मुताबिक सतेज पाटील अहमदाबाद में, वर्षा गायकवाड़ बेंगलुरु में, इमरान मसूद भोपाल में, पवन खेड़ा भुवनेश्वर में, जयवर्धन सिंह बिलासपुर में, राजीव शुक्ला चंडीगढ़ में, प्रियंक खड़गे चेन्नई में, रंजीत रंजन देहरादून में, गौरव गोगोई दिल्ली में, शिल्पी नेहा गुवाहाटी, पप्पू यादव ग्वालियर, विक्रांत भूरिया हैदराबाद में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे. साथ ही अभिषेक दत्त इंदौर, अशोक तंवर जयपुर, सुप्रिया श्रीनेत कोलकाता, जिग्नेश मेवानी कोटा, जीतू पटवारी नागपुर, अनुपम पटना, कन्हैया कुमार पूणे, नदीम जावेद पूर्णिया, इमरान प्रतापगढ़ी रांची, कुलदीप इंदौरा रोहतक, श्रीनिवास बीवी सीकर, उदय भानु चिब श्रीनगर, कनन गोपीनाथन तिरुवनंतपुरम, रागिनी नायक- विजयवाड़ा, उमंग सिंगर इलाहाबाद व राहुल कसवा मेरठ में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे.