दूध से भरा टैंकर-ट्रेलर से टकराया, ड्राइवर की मौत

पाली। पाली में मंगलवार देर रात को एक सड़क हादसे में दूध के टैंकर ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग के बागावास पर रात 3 बजे हुआ। दूध से भरा टैंकर आगे चल रहे मार्बल से लदे ट्रेलर से टकरा गया था।

टैंकर पालनपुर से अलीगढ़ जा रहा था

पुलिस के अनुसार बूंदी जिला निवासी 30 वर्षीय देवीलाल दूध का टैंकर लेकर पालनपुर से अलीगढ़ जा रहा था। इसी दौरान बागावास के पास अचानक टैंकर आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंकर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर देवीलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ड्राइवर को तत्काल उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले में पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।