भोपाल: मध्य प्रदेश के लिए राहत की बड़ी खबर है। IMD के द्वारा 24 जून 2026 की दोपहर को जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून आधिकारिक तौर पर मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। मानसून की उत्तरी सीमा अब प्रदेश के इंदौर और मंडला से होकर गुजर रही है।
एमपी में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है, जबकि अगले 24 घंटे में इसके अधिकांश जिलों तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग से जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान मालवा, निमाड़, महाकौशल और नर्मदापुरम संभाग के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। राजधानी भोपाल समेत इंदौर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, बैतूल, मंडला और सिवनी में मौसम पूरी तरह बदल गया है।
एमपी के इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
आईएमडी के अनुसार प्रदेश में बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, विदिशा, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, सागर, रीवा और ग्वालियर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा का दौर जारी रहने के आसार हैं।
मानूसन को लेकर ताजा अपडेट
मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय।
कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट।
40-60 किमी प्रतिघंटा तक चल सकती हैं हवाएं।
तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत।
किसानों के लिए अच्छी बारिश की उम्मीद।
अगले 48 घंटे प्रदेशभर में मौसम रहेगा सक्रिय।
आईएमडी की चेतावनी, तेज हवा और बिजली का खतरा
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बादलों की तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
किसानों के लिए राहत की खबर
प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने से खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलने की उम्मीद है। कई जिलों में किसान बारिश का इंतजार कर रहे थे। अच्छी वर्षा होने से सोयाबीन, मक्का, धान और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई तेजी पकड़ सकती है। मध्य प्रदेश में मानसून की बुधवार को एंट्री हो गई है। अगले चौबीस घंटों में मानसून के प्रदेश के अन्य जिलों तक तेजी से बढ़ने की संभावना है
डॉ. अरूण डी शर्मा, मौसम विभाग
प्रदेश में मानसून के लिए अगले 48 घंटे कैसे रहेंगे?
मध्य प्रदेश मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। दक्षिण और पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। मानसून की आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं, जिससे जल्द ही पूरा प्रदेश मानसून की बारिश से तरबतर हो सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को एडवायजरी दी है
बारिश और आंधी के दौरान खुले स्थानों पर न रुकें।
बिजली चमकने पर पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
नदी-नालों के आसपास सावधानी बरतें।
किसान मौसम को देखते हुए खेतों में कार्य करें।
यात्रा पर निकलने से पहले स्थानीय मौसम की जानकारी अवश्य लें।