Venezuela Earthquake: लैटिन अमेरिकी देश वेनेजुएला में गुरुवार तड़के (भारतीय समयानुसार) लगातार दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी. राजधानी कराकास समेत कई इलाकों में इमारतें ढह गईं, लोग मलबे में फंस गए और बड़े पैमाने पर नुकसान की खबरें सामने आई हैं. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार यह पिछले 100 वर्षों में वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है. शुरुआती आकलन में 10 हजार से 1 लाख लोगों की मौत की आशंका जताई गई है.

भूकंप की पूरी टाइमलाइन
24 जून 2026, रात 3:34 बजे (भारतीय समय)
वेनेजुएला में पहला शक्तिशाली भूकंप आया.
भूकंप की तीव्रता 7.1 से 7.2 मापी गई.
इसका केंद्र कराकास से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में मोरोन और सैन फेलिपे क्षेत्र के पास था.
24 जून 2026, रात 3:35 बजे (भारतीय समय)

पहले भूकंप के कुछ सेकंड बाद दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया.
दूसरे भूकंप की तीव्रता 7.5 दर्ज की गई.
इसका केंद्र मोंटाल्बान क्षेत्र के पास था, जो कराकास से लगभग 100 मील पश्चिम में स्थित है.
भूकंप के तुरंत बाद सुनामी अलर्ट

भूकंप के बाद अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने प्यूर्तो रिको, अमेरिकी और ब्रिटिश वर्जिन द्वीप समूह, अरूबा, कुराकाओ और बोनेयर के तटीय इलाकों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की. हालांकि करीब एक घंटे बाद स्थिति का आकलन करने के बाद यह चेतावनी वापस ले ली गई.

राजधानी कराकास में तबाही
रात होते-होते राजधानी कराकास के अल्तामिरा और चाकाओ इलाकों से कई इमारतों के गिरने की खबरें सामने आईं. बचाव दल ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया. चाकाओ क्षेत्र से कम से कम 18 लोगों को जिंदा बाहर निकाला गया.

फाल्कन राज्य में भारी नुकसान
फाल्कन राज्य में 22 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई. 15 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. स्थानीय प्रशासन लगातार राहत और खोज अभियान चला रहा है.

आपातकाल घोषित करने की तैयारी
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. उन्होंने आपातकाल घोषित करने और अंतरराष्ट्रीय सहायता मांगने की बात कही.

USGS ने जताई आशंका
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने शुरुआती आकलन में कहा कि बड़े पैमाने पर जनहानि और भारी तबाही की आशंका है. एजेंसी के अनुसार मृतकों की संख्या 10 हजार से लेकर 1 लाख तक पहुंच सकती है. हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी मौतों और घायलों की कुल संख्या जारी नहीं की गई है.

हवाई सेवाएं और स्कूल प्रभावित
माइकेतिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को एहतियातन बंद कर दिया गया. कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई. हालांकि अभी तक तेल उत्पादन और ऊर्जा ढांचे को किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है.

भूकंप की जद में क्यों रहता है वेनेजुएला?
वेनेजुएला कैरिबियन प्लेट और दक्षिण अमेरिकी प्लेट के मिलन क्षेत्र में स्थित है. इसी वजह से यहां लगातार भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं और बड़े भूकंप का खतरा बना रहता है.
वेनेजुएला के बड़े भूकंपों का इतिहास
1812 का विनाशकारी भूकंप

26 मार्च 1812 को कराकास और मेरिदा में करीब 7.5 तीव्रता का भूकंप आया था.
उस समय वेनेजुएला स्पेन से आजादी की लड़ाई लड़ रहा था.
USGS के अनुसार इस भूकंप में करीब 30 हजार लोगों की मौत हुई थी.
इसे देश के इतिहास का सबसे विनाशकारी भूकंप माना जाता है.
1967 का कराकास भूकंप

29 जुलाई 1967 को कराकास में 6.3 तीव्रता का भूकंप आया.
कई बहुमंजिला इमारतें ढह गई थीं.
करीब 200 से 300 लोगों की मौत हुई थी.
इसके बाद देश में भवन निर्माण के नियमों को और सख्त किया गया.
2018 का समुद्री भूकंप
21 अगस्त 2018 को वेनेजुएला के उत्तरी तट के पास समुद्र में 7.3 तीव्रता का भूकंप आया था.
इसके झटके त्रिनिदाद-टोबैगो और कोलंबिया तक महसूस किए गए थे.
केंद्र समुद्र में होने के कारण उस समय बड़ा नुकसान नहीं हुआ था.