बिहार में STF जवान की मौत, ड्यूटी से लौटते समय सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली

जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले में एसटीएफ जवान की गोली लगने से मौत हो जाने की घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. घटना घोसी थाना क्षेत्र अंतर्गत चीरी गांव में देर शाम हुई. ड्यूटी पर तैनात जवान के साथ यह दुखद हादसा हो गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

STF जवान धीरज कुमार की मौत: मृतक की जवान की पहचान 30 वर्षीय धीरज कुमार के रूप में हुई है. वे नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर गांव के निवासी थे. एसटीएफ में तैनात धीरज कुमार घोसी-हुलासगंज मार्ग के ग्रामीण इलाकों में ड्यूटी पर थे, जब यह घटना घटी. घायल अवस्था में उन्हें तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सर्विस रिवॉल्वर से हुई फायरिंग: प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान कमर में रखे सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई. गोली लगने से जवान की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने इसे दुर्घटनावश हुई फायरिंग बताया है, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

घटनास्थल पर पहुंची एसडीपीओ कृति कमल: घटना की सूचना मिलते ही घोसी एसडीपीओ-2 कृति कमल तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच की. उन्होंने पुष्टि की कि मुहर्रम पर्व को देखते हुए घोसी-हुलासगंज थाना क्षेत्र के बीच 8-9 जवान कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए ग्रामीण इलाकों में गश्त पर थे.

“कानून व्यवस्था और अपराधियों के धरपकड़ के लिए पुलिस मूवमेंट कर रही थी. ड्यूटी के दौरान ही कमर में रखे सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई, जिससे उनकी मौत हुई है.”-कृति कमल, घोसी एसडीपीओ-2

पोस्टमार्टम के बाद राजकीय सम्मान: पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को कब्जे में लिया गया. पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया गया.

परिवार और गांव में छाया शोक का माहौल: धीरज कुमार की मौत की खबर सुनकर पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी है. युवा जवान की असामयिक मृत्यु पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस विभाग ने मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया है, जबकि शोक संतप्त परिवार को सहयोग देने का भी भरोसा दिलाया गया है.