मुजफ्फरनगर में प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शुक्रताल में रविवार को होने वाले स्वामी समनदास आश्रम के वार्षिक सत्संग एवं शोभायात्रा से पहले पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शनिवार देर रात एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक और सीओ भोपा लक्ष्मण वर्मा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
स्वामी भिक्षुकदास महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को वार्षिक सत्संग एवं शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मंदिर परिसर और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मंदिर परिसर, समाधि स्थल, सत्संग पंडाल, पार्किंग स्थल और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजन के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए।
भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता करने, भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सीसीटीवी से होगी निगरानी
एसपी देहात ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, ड्यूटी प्वाइंट और अन्य सुरक्षा इंतजामों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।