न जिम, न कोई जादुई दवा… फिर भी 100 साल से ज्यादा जीते हैं लोग; जानिए दुनिया की वो 5 जगहें, जहां के लोग होते ‘शतायु’

Tips for Living 100 Year in Hindi: हर किसी की चाहत लंबी उम्र पाने की होती है. हर कोई यह चाहता है कि बुढ़ापा भी जवानी की तरह स्वस्थ और शानदार गुजरे और 100 की उम्र में भी निरोग रहें. मगर, ऐसा हो नहीं पाता है. अक्सर वक्त बीतने के साथ ज्यादा उम्र होने पर बीमारियां घेर लेती हैं या फिर इंसान अशक्त हो जाता है. लेकिन इसी दुनिया में ऐसे कई लोग हैं जो आज भी 100 साल की उम्र होने के बाद भी पूरी तरह से फिट हैं. वे बिना किसी परेशानी के अपना सारा काम कर रहे हैं.

क्या कोई इंसान 100 साल से भी ज़्यादा स्वस्थ जीवन जी सकता है? अगर वो जी सकता है तो कैसे. क्या उसके लिए किसी खास देश की किसी खास जगह पर रहना होगा या फिर कोई ऐसा खास चीज है. जिसे खाने के बाद इंसान 100 साल या उससे अधिक जी सकता है. ऐसे ही सवालों के जवाब पाने के लिए वैज्ञानिक लगातार रिसर्च कर रहे हैं. इस रिसर्च में वैज्ञानिक के सामने कई हैरान करने वाले तथ्य सामने आए हैं.

ब्राजील में 100 साल की उम्र की 3 बहनें
ब्राजील में तीन ऐसी ही बहने हैं जो 100 साल से अधिक की उम्र की है. जब वैज्ञानिकों ने उनकी उम्र को लेकर रिसर्च किया तो बहुत कुछ सामने आया, जो हमारे आपकी की लाइफ स्टाइल से मैच करता है. इन बहनों का नाम ज़ुलिना डी डेउस नुनेस (103 साल), जोराइडे डी डेउस मोटा (104 साल) और लेविटा डी डेउस नुनेस उम्र (109 साल) है. तीनों की संयुक्त उम्र की बात की जाए तो इन तीनों बहनों की उम्र 316 साल है.

सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाली बहनों के रूप में उन्हें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट भी मिला है. ये सब करिश्मा हुआ है खानपान और एक्टिव लाइफस्टाइल से. इन्हीं दोनों चीजों को तीनों बहनों ने अपनी जिंदगी का मूलमंत्र बना लिया. जिस उम्र में लोग बिस्तर से उठ भी नहीं पाते और आखिरी सांसें गिन रहे होते हैं. उसी उम्र में ये तीनों बहनें निरोग हैं यानी बीमारी से दूर और खुशहाल जिंदगी से भरपूर भी.

लंबी उम्र की सामने आई वजहें
रिसर्च में वैज्ञानिकों ने पाया कि मजबूत आनुवंशिक कारक की वजह से ये तीनों बहनें 100 साल पार कर चुकी हैं. लंबी उम्र और जवान रहने के लिए लाइफस्टाइल में बदलाव भी जरूरी है. ये तीनों बहनें अपनी लंबी उम्र का श्रेय हेल्दी डाइट और एक्टिव लाइफस्टाइल को देती हैं. ज़ुलिना ने बचपन की यादें ताजा करते हुए बताया कि वे नदियों में तैरने और मछली पकड़ने में समय बिताती थीं.

इसके अलावा, ये बहनें बिल्कुल आम जिंदगी जीती थीं. लेविटा ने एक क्राफ्ट्स वुमन के तौर पर और बाद में एक टेलीविजन नेटवर्क में काम किया. जोराइडे ने नर्स के तौर पर काम किया और पांच बच्चों की परवरिश की, जबकि ज़ुलिना घर पर रहकर छह बच्चों की देखभाल करती थीं. लेविटा अपनी जिंदगी को बिना किसी पछतावे के देखती हैं.

प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनाने में फायदा
लोग अक्सर कहते हैं अगर माता-पिता लंबी उम्र तक जिए, तो बच्चे भी लंबे समय तक जिएंगे. वैज्ञानिकों ने इस बात में कुछ सच्चाई जरूर पाई है. वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि 100 साल से अधिक उम्र तक पहुंचने की संभावना में आनुवंशिक भूमिका होती है, लेकिन ये पूरी कहानी नहीं है. कई अध्ययनों के अनुसार, हमारी कुल जीवन अवधि का लगभग 20 से 30 प्रतिशत हिस्सा आनुवंशिक कारकों से प्रभावित हो सकता है, जबकि बाकी बड़ा हिस्सा जीवनशैली, पर्यावरण, स्वास्थ्य सेवाओं और संयोग जैसे कारकों पर निर्भर करता है यानी अच्छे जीन मदद कर सकते हैं, लेकिन वे अकेले पर्याप्त नहीं हैं.

लंबे समय तक जिंदा रहने के लिए अच्छा खानपान जरूर होता है. लंबे समय तक जीवित रहने वाले व्यक्ति का भोजन बहुत साधारण होना चाहिए. अगर लंबा जीना है तो प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनानी होगी. खाने की थाली में अधिकतर सब्जियां, फल, दालें, साबुत अनाज और सीमित मात्रा में पशु-आधारित भोजन शामिल होना चाहिए. कई लोग जरूरत से थोड़ा कम खाते है. वैज्ञानिकों का मानना है कि शरीर को लगातार जरूरत से ज्यादा कैलोरी देना कई बीमारियों का जोखिम बढ़ा सकता है.

लाइफस्टाइल में तुरंत कर लें ये चेंज
वैज्ञानिकों ने अपने शोध में पाया है कि पहले के अधिकांश लोग जिम नहीं जाते थे. रोजमर्रा के काम करते थे और पैदल ज्यादा चलते थे. वे खेती करते थे. घर का काम करते हुए सीढ़ियां चढ़ते थे. इससे उनकी जिंदगी में लगातार एक्टिविटी होती रहती थी. यही वजह थी कि लोग लंबा जीते थे. इसके साथ ही वैज्ञानिकों ने पाया कि लंबे समय तक जीने वाले लोगों में तनाव को संभालने की क्षमता बेहतर होती है.

इसका मतलब ये नहीं कि उनके जीवन में समस्याएं नहीं थीं. समस्याएं सबके जीवन में होती हैं. लेकिन लंबी उम्र तक जिंदा रहने वाले तनाव को हमेशा अपने ऊपर हावी नहीं होने देते थे और इसके लिए कुछ लोग प्रार्थना करते थे. कुछ ध्यान करते थे. कुछ लोग परिवार के साथ समय बिताते थे तो कुछ प्रकृति के बीच रहते थे. इसी वजह से पुराने समय में लोग कम बीमार होते थे और लंबा जीते थे.

इन जगहों के लोगों की उम्र होती है लंबी
वैज्ञानिकों ने दुनिया में कुछ ऐसे क्षेत्रों की पहचान की है जहां सामान्य आबादी की तुलना में अधिक लोग 100 वर्ष तक जीवित रहते हैं. इन क्षेत्रों को ‘ब्लू ज़ोन’ कहा जाता है.. वैज्ञानिकों ने जिन क्षेत्रों की पहचान की है वो हैं जापान का ओकिनावा, इटली का सार्डिनिया, ग्रीस का इकारिया, कोस्टा रिका का निकोया और अमेरिका का लोमा लिंडा. इन सभी जगहों पर रहने वाले लोगों की संस्कृति अलग-अलग है. लेकिन उनकी जीवनशैली में कई समानताएं मिलती हैं.

विज्ञान अभी भी उम्र बढ़ने के रहस्यों को पूरी तरह नहीं समझ पाया है. हर साल नई खोजें हो रही हैं. लेकिन आज तक जितने भी प्रमाण मिले हैं, वे एक ही बात की ओर इशारा करते हैं लंबी उम्र का कोई एक जादुई फॉर्मूला फिलहाल नहीं है. ये हजारों दिनों तक किए गए छोटे-छोटे सही निर्णयों का परिणाम हो सकता है.