अथर्व हॉस्पिटल सील, दो अन्य को नोटिस: मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई

मुजफ्फरनगर। इस दौरान मीरापुर स्थित अथर्व हॉस्पिटल एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया, जबकि अपना हॉस्पिटल और अनुलोक हॉस्पिटल को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के आदेश पर पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) नोडल अधिकारी डॉ. विपिन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। अथर्व हॉस्पिटल एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर को बेसमेंट (तहखाने) में अल्ट्रासाउंड सेंटर चलाने के कारण सील किया गया। यह निर्धारित नियमों का उल्लंघन है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अथर्व हॉस्पिटल को नियमानुसार स्थान परिवर्तन और आवश्यक मानकों की पूर्ति के बाद ही संचालन की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद टीम ने मदीना चौक, बझेड़ी रोड स्थित अपना हॉस्पिटल का निरीक्षण किया, जहाँ व्यवस्थाओं और अभिलेखों में कमियां पाई गईं। अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

निरीक्षण टीम ने कच्ची सड़क स्थित अनुलोक हॉस्पिटल की भी जांच की। यहाँ अल्ट्रासाउंड सेंटर, एमटीपी (MTP) और आयुष्मान भारत योजना से संबंधित अभिलेखों व अन्य व्यवस्थाओं की गहनता से पड़ताल की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने स्पष्ट किया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों और नियमों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मरीजों की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। नियम विरुद्ध संचालित संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।