उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में पुलिस और एसटीएफ की टीम बदमाशों और अपराधियों पर कहर बनकर टूटी है. लखऊ-बहराइच से लेकर पीलीभीत तक ताबड़तोड़ गोलियां चलीं. छह जिलों, लखनऊ, बहराइच, पीलीभीत अलीगढ़ और बदायूं में हुई पुलिस की इस कार्रवाई में दो बड़े इनामी बदमाशों का खात्मा हुआ है. एक पर एक लाख रुपये, जबकि दूसरे पर 1 लाख 75 हजार रुपये का इनाम था. वहीं, कई बदमाश गोली लगने से घायल हुए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
राजधानी लखनऊ में शनिवार को इंदिरा कैनाल रोड पर पुलिस और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव के बीच मुठभेड़ हुई हो गई. पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान संजय गोली लगने से घायल हो गया. उसे तत्काल उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई. पुलिस टीम को संजय के एक स्थान पर मौजूद होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके की घेराबंदी की गई. इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें वह घायल हो गया.
कौन था संजय उर्फ संजीव?
संजय उर्फ संजीव अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र का रहने वाला था. वह लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में 27 मई 2026 को हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर और वांछित आरोपी था. इस मामले में उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस आयुक्त, लखनऊ ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के अनुसार, संजय का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अंबेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या समेत विभिन्न जनपदों में हत्या और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज थे। पुलिस का दावा है कि वह कई सनसनीखेज हत्याओं और संगठित आपराधिक वारदातों में शामिल रहा था।
खान मुबारक गैंग से जुड़ा हुआ था संजय
जांच एजेंसियों के मुताबिक, संजय कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग से जुड़ा हुआ था. पुलिस का कहना है कि उसने गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई जघन्य अपराधों को अंजाम दिया था और लंबे समय से कानून प्रवर्तन एजेंसियों की निगरानी में था.
पीलीभीत में 1 लाख 75 हजार रुपये के इनामी ढेर
पीलीभीत में पुलिस ने मुठभेड़ में 1 लाख 75 हजार रुपये के इनामी बदमाश शिवम उर्फ सरबजीत को ढेर कर दिया. पीलीभीत के एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि 28 मई को पप्पू गुप्ता की हत्या हो गई थी. मर्डर केस में शामिल कई आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा था. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू की. जब पुलिस की टीम आरोपी तक पहुंची तो उसने गोली चलानी शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो बदमाश को लग गई. पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. आरोपी से मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है.
बहराइच के मुठभेड़, 50-50 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बहराइच में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक 50 हजार रुपए का इनामी बदमाश भी शामिल है। मुठभेड़ में घायल होने पर दोनों बदमाशों का फिलहाल अस्पताल में इलाज जारी है. एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, पहली मुठभेड़ रामगांव थाना क्षेत्र के अकिलापुर में हुई, जहां 50 हजार का इनामी फिरोज घायल हुआ, जबकि उसका साथी मुल्कराज भागने में सफल रहा था. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अकिलापुर चौराहे के पास घेराबंदी की थी. इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें फिरोज के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा. उसका दूसरा साथी मुल्कराज मौके से फरार हो गया.
घायल बदमाश की तलाशी में एक 315 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार फिरोज थाना बौंडी का हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में दर्जनों चोरी के मुकदमे दर्ज हैं और वह कई मामलों में वांछित चल रहा था. उस पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था.
50 हजार का इनामी था मुल्कराज
इसके बाद, पुलिस ने कैसरगंज थाना क्षेत्र के रुक्नापुर के पास दूसरा एनकाउंटर किया. इसमें फरार मुल्कराज को गिरफ्तार कर लिया गया. उसके पास से भी अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए. एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मुल्कराज बाघौली क्षेत्र का रहने वाला है. उसके खिलाफ तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. उस पर भी 50 हजार रुपए का इनाम था.
अलीगढ़ में 25 हजार का इनामी गोकश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
अलीगढ़ में थाना जवां और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग नगर की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी गोकश फरमान पुत्र शाहिद निवासी काठे वाली गली, शाहजमाल, थाना रोरावर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी थाना क्वार्सी में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
बदायूं में रेप का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
बदायूं में चार साल की मासूम बच्ची के साथ रेप करने के आरोप में 60 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर उसने फायरिंग कर दी, जिसमें एक दरोगा घायल हो गए. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी के पास से एक तमंचा चार खाली कारतूस एक कारतूस बरामद हुआ है.
बुलंदशहर में रेप का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में नाबालिग से रेप मामले के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. आरोपी इरफान वांछित चल रहा था, जो अब पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है. आरोपी के पास से एक अवैध देसी पिस्तौल, एक खाली कारतूस और दो कारतूस बरामद हुए हैं. इसके अलावा रेप में इस्तेमाल किया गया एक अवैध चाकू भी पुलिस ने बरामद किया है.