नई दिल्ली (Maharashtra TET Paper Leak LIVE Updates). देश में पेपर लीक का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. नीट पेपर लीक विवाद के बाद महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा का पेपर भी लीक हो चुका है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में महाराष्ट्र पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने अंतरराज्यीय रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 2 बिहार के और 1 हरियाणा का रहने वाला है. महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक कांड का मुख्य मास्टरमाइंड बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला माफिया बिजेंद्र गुप्ता बताया जा रहा है, जो पिछले 25 सालों से पेपर लीक करवा रहा है.
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक धांधली की भनक लगते ही महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने आनन-फानन में टीईटी 2026 परीक्षा को स्थगित करने का फैसला लिया. उधर, पुलिस ने आरोपियों को दबोचने के लिए किसी फिल्म की तरह ‘सीक्रेट मिशन’ चलाया था, जिसमें पुलिसवाले खुद नकली ग्राहक बनकर डील करने पहुंचे थे. इस बड़ी लापरवाही के बाद महाराष्ट्र की राजनीति भी गरमा गई है और नांदेड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उग्र प्रदर्शन किया है. फिलहाल, पूरे सिंडिकेट को उखाड़ने के लिए एसआईटी (SIT) की चार टीमें चार अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही हैं.