रोहित शेट्टी को फिर मिली जान से मारने की धमकी, 20 करोड़ की डिमांड!

Rohit Shetty Threat Call: बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है. शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके उनसे 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी. इस धमकी भरे फोन के बाद मुंबई पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है और अज्ञात कॉलर की तलाश शुरू कर दी है.

दरअसल, हाल ही में आई हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह धमकी एक ऑडियो कॉल के जरिए दी गई है, जिसमें दावा किया गया है कि यदि रकम नहीं दी गई, तो इस बार निशाना सीधे रोहित शेट्टी होंगे. यह घटना उनके जुहू स्थित घर पर 4 महीने पहले हुई फायरिंग के बाद सामने आई है.

स्टाफ को मिली 90 सेकंड का ऑडियो क्लिप
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह रोहित शेट्टी के स्टाफ को करीब 90 सेकंड का एक ऑडियो क्लिप मिला. इसमें कथित तौर पर लॉरेंस गैंग के करीबी सहयोगी शुभम लोणकर की आवाज है. शुभम लोणकर 2024 में नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और फरवरी 2026 में रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में वांटेड है.

मुंबई क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि स्टाफ ने धमकी वाला ऑडियो पुलिस को सौंप दिया है. जुहू पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. प्रारंभिक जांच में आवाज शुभम लोणकर की लग रही है और क्लिप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है.

31 जनवरी को हुई थी फायरिंग
इससे पहले 31 जनवरी की देर रात जुहू स्थित महमूद चौक के पास रोहित शेट्टी के घर के बाहर 5 गोलियां चलाई गई थीं. इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी. बाइक सवार दीपक शर्मा ने फायरिंग की थी, जिसे बाद में आगरा से गिरफ्तार किया गया. जांच में दीपक शर्मा ने बताया था कि वह सोशल मीडिया पर लॉरेंस गैंग से जुड़े पोस्ट से प्रभावित होकर गैंग से जुड़ा था. अप्रैल में क्राइम ब्रांच ने इस मामले में 1,624 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, जिसमें 15 लोगों को आरोपी बनाया गया. वहीं, प्रवीण लोणकर और आरजू बिश्नोई को फरार घोषित किया गया था.