प्यार, शादी और साथ जीने-मरने की कसमें अक्सर रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए खाई जाती हैं, लेकिन कर्नाटक के तुमकुरु जिले से सामने आई एक घटना ने इन शब्दों को खौफनाक हकीकत में बदल दिया. छह साल पुराने रिश्ते का अंत इतना दर्दनाक होगा, शायद किसी ने नहीं सोचा था. शादी से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी महिला मित्र को जबरन कैब में बैठाया, रास्ते में उस पर चाकू से हमला कर दिया और फिर कथित तौर पर कहा, “लेट्स डाई टुगेदर”. कुछ ही सेकंड बाद कैब में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई. महिला और कैब चालक किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और विस्फोट में इस्तेमाल सामग्री की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है.
28 वर्षीय टी. नागेंद्र उत्तर कन्नड़ जिले के अंकोला का रहने वाला था. उसकी 24 वर्षीय यू. रम्या नायक से करीब छह साल से पहचान थी. रम्या बेंगलुरु के संजय गांधी अस्पताल में असिस्टेंट ऑपरेशन थिएटर टेक्नीशियन के रूप में काम करती है. पुलिस के मुताबिक नागेंद्र लगातार रम्या पर शादी का दबाव बना रहा था, जबकि पिछले कुछ महीनों से रम्या उससे दूरी बना रही थी. शनिवार को नागेंद्र रम्या के बायरसंद्रा स्थित किराये के कमरे पर पहुंचा, जहां दोनों के बीच बहस हो गई. इसी विवाद ने बाद में भयावह रूप ले लिया.
रम्या की रूममेट नयना ने पुलिस को बताया कि नागेंद्र ने चाकू दिखाकर रम्या को धमकाया और कहा कि यदि वह उसके साथ नहीं चली तो दोनों को जान से मार देगा. इसके बाद उसने अंकोला जाने के लिए एक कैब बुक की और दोनों बेंगलुरु से निकल गए. रम्या की सुरक्षा को लेकर चिंतित नयना ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से कैब का पता लगाया और चालक प्रवीण से संपर्क किया. जब वाहन तुमकुरु जिले के सिरा तालुक के कल्लाम्बेला क्षेत्र के पास पहुंचा, तब पुलिस ने चालक को नजदीकी पुलिस स्टेशन या हाईवे पेट्रोल टीम के पास वाहन रोकने का निर्देश दिया.
चाकू, धमाका और हाईवे पर बिछ गई लाशें
पुलिस के अनुसार, नागेंद्र ने चालक और पुलिस के बीच हो रही बातचीत सुन ली. इसके बाद वह और अधिक आक्रामक हो गया और कथित तौर पर रम्या से कहा, “लेट्स डाई टुगेदर”. इसके बाद उसने संदिग्ध देसी बम जैसे विस्फोटक निकाले और रम्या पर चाकू से हमला कर दिया. कैब के अंदर अफरा-तफरी मच गई. चालक प्रवीण ने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोक दिया. रम्या और चालक किसी तरह कैब से बाहर निकलने में सफल रहे. कुछ ही सेकंड बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरी कार आग की चपेट में आ गई. विस्फोट में नागेंद्र की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि रम्या घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जांच में क्या सामने आया?
तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक अशोक के.वी. ने बताया कि फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल की जांच कर रहे हैं. अभी यह पता लगाया जा रहा है कि विस्फोट में किस प्रकार के विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया और धमाका कैसे हुआ. पुलिस को आशंका है कि नागेंद्र अपने साथ देसी बम लेकर आया था. जांच टीम घटना से जुड़े सभी तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सही तस्वीर सामने आ सके.
पुलिस किन पहलुओं की जांच कर रही है?
पुलिस इस मामले को फिलहाल प्रेम संबंधों से जुड़े विवाद के रूप में देख रही है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि रम्या के बयान, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यह भी पता लगाया जा रहा है कि संदिग्ध विस्फोटक आरोपी तक कैसे पहुंचे. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट और पूरे घटनाक्रम की अंतिम वजह स्पष्ट हो सकेगी. इस मामले से जुड़ा कोई नया आधिकारिक अपडेट या जांच में नई जानकारी सामने आने पर इस खबर को अपडेट किया जाएगा.