बिहार में भीषण सड़क हादसा: दो कार की टक्कर में 3 दोस्तों की मौत मौत, 9 घायल

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में रविवार देर रात दो कारों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई. सिघौंल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के पास फोरलेन एनएच-31 पर हुए इस हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं दोनों वाहनों में सवार करीब 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.

मृतकों और घायलों की पहचान: हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान ऋषभ कुमार (26), सन्नी कुमार (24) और हिमांशु कुमार (22) के रूप में हुई है. ये सभी पोखरिया निवासी थे. घायलों में रुपेश कुमार, करण कुमार और रवि कुमार की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. सभी पीड़ितों का इलाज बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजन
गंगा स्नान और जन्मदिन की योजना: मृतक के दोस्त राहुल कुमार के अनुसार सभी 6 दोस्त पोखरिया गांव से दोस्त की जन्मदिन पार्टी में गए थे. वहां से गंगा स्नान करने सिमरिया घाट जा रहे थे. सन्नी कुमार गाड़ी चला रहा था, जो एक्साइज थाना में निजी चालक का भी काम करता है. इसी दौरान अंग्रेजी ढाला के पास विपरीत दिशा से आ रही दूसरी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई.

“हादसे में घायल करण कुमार का जन्मदिन था. हम सभी पार्टी करने गए थे. इसके बाद गंगा स्नान करने गए थे. लौटने के दौरान कहा कि मैं गाड़ी चलाऊंगा तो दोस्तों ने मना कर दिया. इस कारण मैं वापस आ गया. थोड़ी देर बाद फोन आया कि हादसा हो गया है. पहुंचे तो देखा कि दोनों स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई है.” -राहुल कुमार, मृतक के दोस्त

अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजन
देर रात तक घर नहीं लौटे थे सभी: घटना के बारे में मृतक हिमांशु के भाई प्रिंस कुमार ने बताया कि सभी लोग देर रात तक घर नहीं लौटे थे. 2 बजे के आसपास हमने फोन किया तो दूसरे व्यक्ति ने उठाया. तब पता चला कि हादसा हो गया है. इसके बाद हमलोग अस्पताल पहुंचे. घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है.

“देर रात तक भाई घर नहीं पहुंचा तो हमने फोन किया. इसके बाद घटना की जानकारी मिली. सभी लोग जन्मदिन मनाने के लिए गए थे. जन्मदिन मनाने के बाद गंगा स्नान करने के लिए गए थे. इसी दौरान हादसा हुआ है. मेरे भाई समेत तीन युवकों की मौत हुई है.” -प्रिंस कुमार, हिमांशु का भाई

मृतक हिमांशु के भाई प्रिंस कुमार
बारात जाते समय दूसरी टक्कर: हादसे का शिकार हुई दूसरी स्कॉर्पियो गाड़ी में कुल छह लोग सवार थे. विकास, राजा, प्रियांशु, लक्ष्मण, प्रिंस और ज्योतिष नामक ये सभी युवक घायल हो गए हैं. ये सभी लोग बखरी थाना क्षेत्र से विनोदपुर बारात जा रहे थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए.

हादसे में क्षतिग्रस्त कार
पुलिस का रेस्क्यू और जांच: जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त दोनों गाड़ियों की स्पीड करीब 100 किमी प्रति घंटे से ज्यादा थी. टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. भीषण टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग और सिघौंल थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस बल ने स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ियों में फंसे घायलों को बाहर निकाला. पुलिस ने सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

“घटना की जानकारी मिली है. हादसे में तीन की मौत हुई है. 9 लोग घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है. घटना की जांच की जा रही है.” -आनंद पांडेय, सदर डीएसपी, बेगूसराय