पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले से पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद ही सनसनखेज खूनी वारदात सामने आई है। यहां बनमनखी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में दो सगे भाइयों ने मिलकर अपने ही सगे बड़े भाई की उसकी पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों के सामने निर्मम हत्या कर दी। यह खौफनाक घटना मखनाहा पंचायत के वार्ड संख्या-7 स्थित मखनाहा हैरपुर गांव में शनिवार की रात को अंजाम दी गई है। आरोपियों ने आपसी विवाद के बाद तैश में आकर अपने बड़े भाई पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
इस दिल दहला देने वाली घटना का शिकार हुए मृत व्यक्ति की पहचान मखनाहा हैरपुर गांव निवासी अचैन शर्मा के 35 वर्षीय पुत्र सुशील शर्मा के रूप में की गई है। मृतक की पत्नी कविता देवी ने रोते हुए पुलिस के सामने उस खौफनाक रात का पूरा मंजर बयां किया है। कविता देवी ने आरोप लगाया है कि दोनों सगे भाइयों ने पहले उनके पति सुशील शर्मा को घेरकर उनकी बेरहमी से लाठी-डंडों से पिटाई की और जब वे अधमरे हो गए, तो उन पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। जब कविता अपने पति को बचाने के लिए बीच-बीच में आगे आईं, तो आरोपियों ने उन पर और उनके बिलखते मासूम बच्चों पर भी हमला करने का जानलेवा प्रयास किया, जिससे वह डरकर बच्चों के साथ आंगन के दरवाजे पर आ गईं।
दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर बनमनखी थाना पुलिस की टीम भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने घेराबंदी करते हुए हत्या के दोनों नामजद आरोपियों बाबुल शर्मा और वकील शर्मा को तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया है और उनसे गुप्त स्थान पर कड़ी पूछताछ कर रही है। हालांकि, भाइयों के बीच हुए इस खूनी संघर्ष और हत्या के मुख्य कारणों का अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। बनमनखी थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और पुलिस भूमि विवाद सहित विभिन्न बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। मामले में जल्द ही एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।