शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून दस्तक दे चुका है. इसी बीच राज्य के फल बाजार में भी रौनक बढ़ गई है. मानसून के आगाज के साथ ही फल मंडियों में प्रदेश की आर्थिकी में बड़ा हिस्सा रखने वाले सेब की एंट्री हो गई है. कम ऊंचाई वाले इलाकों से अर्ली वैरायटी का सेब अब फल मंडियों में पहुंचना शुरू हो गया है और बागवानों को इसके अच्छे दाम भी मिल रहे हैं. साथ ही नाशपाती भी अच्छी मात्रा में पहुंचना शुरू हो गई है. इन दिनों नाशपाती व्यापारियों की पहली पसंद बनी हुई है.
फल मंडी ढली में पहुंचा सेब, नाशपाती और स्टोन फ्रूट
“अच्छी वैरायटी की नाशपाती के लिए बेहतर दाम भी मिल रहे हैं. हालांकि सेब और नाशपाती फिलहाल अपनी शुरुआत दौर में है और मंडियों में स्टोन फ्रूट बड़ी मात्रा में पहुंच रहा है. स्टोन फ्रूट के लिए बागवानों को उम्मीद से बेहतर दाम मिल रहे हैं. इसके अलावा सेब और नाशपाती अच्छे दामों पर बिक रहा है.” – ज्ञान ठाकुर, प्रधान, आढ़ती यूनियन, ढली फल मंडी
सेब पेटी के बागवानों को मिल रहे ये दाम
ज्ञान ठाकुर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश की कई मंडियों में अर्ली वैरायटी का सेब पहुंचना शुरू हो गया है. ढली मंडी में भी आज टाइड मैन अर्ली वैरायटी के सेब ने दस्तक दी है. बागवानों को आज मंडी में टाइड मैन वैरायटी के सेब के लिए 1500 रुपए से 2300 रुपए प्रति बॉक्स का दाम मिल रहा है. हालांकि सेब पहुंचना अभी शुरू ही हुआ है. सेब सीजन की बेहतर शुरुआत हो गई है. शुरुआती दौर में ही अच्छी कीमत मिलने से बागवानों को उम्मीद है कि आने वाले समय में उनकी फसल की उन्हें अच्छी कीमत मिलेंगी.
फल मंडी में अच्छे दामों पर बिक रही नाशपाती
ढली फल मंडी के आढ़ती यूनियन के प्रधान ज्ञान ठाकुर ने बताया कि मंडियों में इन दिनों नाशपाती अच्छे दामों पर बिक रही है. ढली फल मंडी आज बुधवार को नाशपाती 1000 रुपए से 1600 रुपए प्रति हाफ बक्सा बिक रही है, यानी पूरे बक्से की कीमत करीब 2000 से 3200 तक पहुंच रही है. मंडियों में नाशपाती पहुंचना अभी शुरू हुई है और इसके लिए अच्छे दाम भी मिल रहे हैं. इसके अलावा स्टोन फ्रूट बड़ी मात्रा में अभी मंडियों में पहुंच रहा है. जिसके चलते बागवानों के चेहरों पर भी खुशी नजर आ रही है.
स्टोन फ्रूट के भी फल मंडी में मिल रहे बेहतर दाम
ज्ञान ठाकुर ने बताया कि स्टोन फ्रूट के लिए बागवानों को उम्मीद से बेहतर नाम मिल रहे हैं. वर्तमान में खुबानी सबसे अच्छे दामों पर बिक रही है. खुबानी के 2 किलो के बक्से के लिए 200 से 350 रुपए तक का दाम बागवानों को मिल रहा है. इसके अलावा अलग-अलग वैरायटी का प्लम भी खूब कमाई कर रहा है. फैंटा रोजा वैरायटी का प्लम 150 रुपए से 250 रुपए तक प्रति 2 किलो की दर से बिक रहा है. वहीं, ब्लैक अंबर वैरायटी का प्लम प्रति 2 किलो 100 से 200 रुपए तक बिक रहा है. चेरी का सीजन खत्म होने को है, लेकिन चेरी भी मंडी में पहुंच रही है. ढली मंडी में आज चेरी 300 से ₹500 प्रति किलो तक बिक रही है. ज्ञान ठाकुर ने उम्मीद जताते हुए कहा कि आने वाले दिनों में व्यापारियों की तादाद बढ़ेगी, ऐसे में फसलों के दाम पर भी उछाल देखने को मिलेगा.