उज्जैन:मध्य प्रदेश के उज्जैन में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर वन्यजीवों की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि बाप और बेटे ने तीन सियारों को तंत्र-मंत्र के नाम पर बेरहमी से मार दिया. हैरानी की बात यह रही कि आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में उन्हीं के खिलाफ सबसे अहम सबूत बन गया.
तंत्र-मंत्र के नाम पर सियारों की निर्मम हत्या
मामले का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका आरोपी पिता फरार है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पता लगाया जा रहा कि इस मामले के तार और किन लोगों से जुड़े हैं.
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
मामला जीवाजीगंज थाना क्षेत्र का है, जीवाजीगंज पुलिस ने एक अन्य प्रकरण में आरोपी मिथुन पिता राजू को हिरासत में लिया था. पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें तीन अलग-अलग वीडियो मिले. वीडियो में आरोपी सियारों को उनके प्राकृतिक आवास से पकड़कर उनकी बेरहमी से हत्या करता नजर आ रहा है. वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू की गई.
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने वीडियो की जांच की, जिसमें पुष्टि हुई कि वीडियो में दिखाई दे रहे वन्यजीव सियार हैं. पूछताछ के दौरान आरोपी ने तीन सियारों की हत्या करना स्वीकार किया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सियार के अंगों से कथित सिद्धि मिलने के अंधविश्वास में के चलते इन घटनाओं को अंजाम दिया.
रिजर्व में खौफनाक घटना
जिला वन मंडल अधिकारी अनुराग तिवारी ने बताया, “घटना में अन्य लोगों की संलिप्ता की जांच की जा रही है. आरोपी के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जिससे वन्यजीवों के अवशेष और अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें. वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित गैर-जमानती धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. सियार एक संरक्षित वन्यजीव है, उसका शिकार करना गंभीर अपराध है. आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत की मांग की जाएगी.”