पानीपत : हरियाणा के पानीपत जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. मामूली रंजिश के चलते एक भतीजे ने अपने ही चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने पहले गली में चाचा को रोककर उनके साथ मारपीट की और फिर उन्हें जमीन पर गिराकर पत्थर की भारी ओखली से उनके सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए. इस दर्दनाक घटना में चाचा की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई.
कई महीनों से विवाद चल रहा था : परिजनों के अनुसार, मृतक और आरोपी के बीच पिछले दो-तीन महीनों से विवाद चल रहा था. इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था. मृतक के रिश्तेदार सचिन ने बताया कि दो-तीन महीने पहले दोनों के बीच गांव में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद कई बार कहासुनी और विवाद की स्थिति बनी रही. उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. घटना वाले दिन भी शाम के समय दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था.
पत्थर की ओखली से वार : बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े आठ बजे मृतक अपने घर लौट रहा था, तभी आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया. पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में पत्थर की ओखली से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी गई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना से पहले पुलिस को फोन कर संभावित विवाद की जानकारी दी गई थी, लेकिन समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस तत्काल कार्रवाई करती तो शायद इस वारदात को रोका जा सकता था.
आरोपी की तलाश जारी : पड़ोसी हर्ष ने बताया कि घटना से पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद और कहासुनी हुई थी. बाद में जब मामला शांत हो गया तो मृतक अपने घर लौटने लगा, लेकिन रास्ते में आरोपी ने उसे फिर से रोक लिया और हमला कर दिया. उन्होंने बताया कि आरोपी ने बाजरा कूटने में इस्तेमाल होने वाली पत्थर की ओखली से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है. वहीं, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.