भारत निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान कर दिया है. इस सीट पर 2023 में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने जीत हासिल की थी. हालांकि अप्रैल 2026 में उनको अदालत के एक फैसले के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया था.
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 6 जुलाई 2026 (सोमवार) को राजपत्र (गजट) अधिसूचना जारी होने के साथ होगी. नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई 2026 (सोमवार) निर्धारित की गई है. इसके बाद 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी.
उम्मीदवार 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे. मतदान 30 जुलाई 2026 (गुरुवार) को होगा, जबकि मतों की गणना 3 अगस्त 2026 (सोमवार) को की जाएगी. पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) तक संपन्न कर ली जाएगी.
क्या है पूरा मामला?
इसी साल 2 अप्रैल को कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को कोऑपरेटिव बैंक घोटाले में दोषी ठहराया गया. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें तीन साल की सजा सुनाई थी. हालांकि, कोर्ट ने 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर उन्हें जमानत भी दे दी थी. नियमों के अनुसार, यदि किसी विधायक को दो वर्ष या उससे अधिक की सजा होती है, तो उसकी विधानसभा सदस्यता स्वतः समाप्त हो जाती है.
इसी मामले में सह-आरोपी रघुवीर शरण प्रजापति को भी कोर्ट ने तीन साल की सजा सुनाई थी और बाद में उन्हें भी जमानत मिल गई थी.
फैसला सुनाते हुए अदालत ने कहा था कि राजेंद्र भारती को आईपीसी की धारा 120बी (आपराधिक साजिश) के साथ धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत दोषी पाया गया है. उल्लेखनीय है कि राजेंद्र भारती ने अपने खिलाफ चल रहे मुकदमे को ग्वालियर स्थित एमपी/एमएलए कोर्ट से दिल्ली स्थानांतरित कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था.