नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। इन तीनों सीटों पर 30 जुलाई 2026 को वोट डाले जाएंगे, जबकि 3 अगस्त 2026 को नतीजों की घोषणा होगी।
इन 3 सीटों पर होंगे उपचुनाव
जिन-जिन विधानसभा सीटों पर चुनाव आयोग ने उपचुनाव के तारीखों का एलान किया है, उनमें बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट, मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट शामिल है।
बता दें कि चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, इस उपचुनाव की प्रक्रिया आगामी 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू हो जाएगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार 13 जुलाई तक अपना नामांकन यानी पर्चा दाखिल कर सकेंगे।
इसके अगले दिन, यानी 14 जुलाई को सभी नामांकन पत्रों की बारीकी से जांच की जाएगी। यदि कोई उम्मीदवार अपना नाम वापस लेना चाहता है, तो उसके लिए 16 जुलाई तक का समय तय किया गया है। इसके बाद, 30 जुलाई को सुबह से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी और जनता अपने प्रतिनिधियों को चुनेगी। अंत में, 3 अगस्त को चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
नियमों को लेकर चुनाव आयोग सख्त
चुनाव तारीखों के एलान के साथ ही संबंधित जिलों में ‘आदर्श आचार संहिता’ तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई है। इसके तहत अब सरकार और राजनीतिक दल किसी भी तरह की नई घोषणाएं या मतदाताओं को प्रभावित करने वाले काम नहीं कर सकेंगे।
इसके अलावा निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि सभी पोलिंग बूथों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के साथ-साथ वीवीपीएटी (VVPAT) मशीनों का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि मतदाता अपने वोट की पुष्टि कर सकें।
उम्मीदवार के आपराधिक रिकॉर्ड पर आयोग की सख्ती
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के पुराने निर्देशों का हवाला देते हुए आयोग ने एक बार फिर दोहराया है कि यदि किसी भी उम्मीदवार का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है, तो इसकी जानकारी छिपाने की अनुमति नहीं होगी।
चुनाव आयोग ने साफ किया हैलकि ऐसे उम्मीदवारों और उन्हें टिकट देने वाली राजनीतिक पार्टियों को अनिवार्य रूप से इस बात का पूरा ब्योरा प्रमुख अखबारों, टीवी चैनलों और अपनी आधिकारिक वेबसाइटों पर विज्ञापन के जरिए सार्वजनिक करना होगा।
समझिए क्यों कराने पड़ रहे उपचुनाव?
गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद खाली हुई है। वहीं गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट भाजपा के वरिष्ठ विधायक योगेशभाई नारायणदास पटेल के निधन के कारण खाली हुई थी।
चुनाव आयोग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के नियमों के तहत इन खाली सीटों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चुनाव आयोग जल्द ही इसके लिए विस्तृत नोटिफिकेशन जारी करेगा, जिसमें नामांकन पत्र दाखिल करने, उनकी जांच करने और नाम वापस लेने की आखिरी तारीखों की पूरी जानकारी दी जाएगी।