राजस्थान के चूरू जिले के राजगढ़ कस्बे में संचालित एक ब्यूटी पार्लर से जुड़ा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पार्लर में काम करने वाली चार युवतियों ने संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में दावा किया गया है कि संचालक ने विश्वास में लेकर उन्हें कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाया और बाद में उनके साथ अनुचित व्यवहार करने का प्रयास किया। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हिसाब-किताब के बहाने बुलाने का आरोप
पुलिस को दिए गए लिखित परिवाद के अनुसार, शिकायतकर्ता युवतियां राजगढ़ के शीतला बाजार स्थित एक ब्यूटी पार्लर में कार्यरत थीं। उनका आरोप है कि पार्लर संचालक भवानी शंकर अक्सर हिसाब-किताब के बहाने उन्हें अपने पास बुलाता था। शुरुआत में उसका व्यवहार सामान्य लगा, लेकिन बाद में उसकी गतिविधियों पर उन्हें संदेह होने लगा।
नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप
युवतियों ने शिकायत में बताया कि 27 जून 2026 को पार्लर में उन्हें एक पेय पदार्थ दिया गया, जिसे पीने के बाद उनकी तबीयत असामान्य महसूस होने लगी। उनका आरोप है कि अगले दिन संचालक ने उन्हें मोबाइल फोन पर कुछ वीडियो दिखाए और बाद में उनके घर पहुंचकर दबाव बनाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्होंने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।
विवाद बढ़ा, मारपीट का वीडियो वायरल
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्साई युवतियों ने कथित आरोपी की चप्पलों से पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता।