मुजफ्फरनगर में दो दिन बिजली कटौती: सुबह साढ़े 7 से 11 बजे तक बत्ती रहेगी गुल

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा को देखते हुए बिजली विभाग ने 5 और 6 जुलाई को जनपद के कई क्षेत्रों में निर्धारित समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद रखने का निर्णय लिया है। विभाग के अनुसार दोनों दिन सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक लाइन शिफ्टिंग, बिजली लाइनों की मरम्मत और सड़क चौड़ीकरण से जुड़े तकनीकी कार्य किए जाएंगे। इस दौरान पुरकाजी और आसपास के कई गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

बिजली विभाग के मुताबिक कांवड़ मार्ग पर निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 33 केवी खुड्डा-बरला लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावा एनएच-58 पर फलौदा कट से पुरकाजी ब्लॉक तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान रास्ते में आ रही हाईटेंशन (HT) और लो-टेंशन (LT) बिजली लाइनों को भी हटाकर नई जगह स्थानांतरित किया जाएगा।

इन कार्यों के चलते 33 केवी खुड्डा, बरला, रसूलपुर, बसेड़ा, दतियाना, बिजोपुरा तथा 11 केवी फलौदा टाउन और कृषि फीडर की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इसका असर पुरकाजी, बरला, खुड्डा, बसेड़ा, रसूलपुर, दतियाना, बिजोपुरा और आसपास के क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

बिजली विभाग ने बताया कि यह कार्य पूर्ण जमा योजना के तहत कराया जा रहा है और विभागीय अधिकारियों की निगरानी में लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा होगा। अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी तरह की तकनीकी बाधा न आए, इसलिए यह कार्य पहले से कराया जा रहा है।

पुरकाजी के उपखंड अधिकारी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित रहने की संभावना को देखते हुए पहले से जरूरी इंतजाम कर लें। विभाग ने यह भी कहा है कि कार्य समय से पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल कर दी जाएगी।