हिमाचल में मानसून फिर हुआ सक्रिय, 6 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट

कांगड़ा: Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए राज्य के छह जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है. मौसम विभाग के अनुसार कांगड़ा, ऊना और सिरमौर जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है. वहीं चंबा, मंडी और शिमला के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है.

जलभराव और भूस्खलन का खतरा
लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है. विभाग ने चेताया है कि सड़कों पर फिसलन, घना कोहरा और बारिश के कारण दृश्यता कम हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है. बारिश के चलते कई मार्गों पर यातायात प्रभावित होने और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन सकती है. साथ ही, कुछ स्थानों पर आवश्यक सेवाओं और दैनिक गतिविधियों पर अस्थायी असर पड़ने की संभावना है.

लोगों के लिए जारी की गई अहम सलाह
मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है. यदि यात्रा करना जरूरी हो तो प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें. इसके अलावा लोगों को सलाह दी गई है कि वे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों, खड्डों और तेज बहाव वाले जल स्रोतों से दूर रहें. किसी भी स्थिति में तेज बहते पानी को पार करने की कोशिश न करें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें.

मौसम अपडेट पर रखें नजर
मौसम विभाग ने नागरिकों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर लगातार नजर रखने और राज्य सरकार व जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि सतर्कता और सावधानी बरतकर भारी बारिश के दौरान होने वाली संभावित घटनाओं से बचा जा सकता है.