रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर में 25 लाख की जेवर चोरी की जांच करेगी SIT, कई जिलों में दी दबिश

भोपाल। बहू ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े मामले में पिछले एक माह से सेंट्रल जेल में बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के कटारा हिल्स स्थित घर में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई, जिसमें नकाबपोश बदमाशों ने सूने मकान में सेंध लगाकर करीब 25 लाख रुपये कीमत के डायमंड और सोने के जेवर पार कर दिए थे। चोरी के इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। पुलिस कोर्ट की अनुमति लेकर जेल पहुंची। रिटायर्ड जज से चोरी गए जेवरों की जानकारी भी ली।

सीसीटीवी में कैद हुए छह बदमाश
पुलिस के अनुसार 27-28 जून की दरम्यानी रात छह बदमाश घर में घुसे थे। इनमें चार बदमाश मकान के अंदर दाखिल हुए, जबकि दो बाहर निगरानी करते रहे। सभी आरोपियों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं।

बदमाश मकान के पिछले हिस्से से पहली मंजिल के रास्ते अंदर पहुंचे और कमरों व अलमारियों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवर समेट ले गए। घटना का खुलासा 28 जून की सुबह तब हुआ, जब रिटायर्ड जज के भाई रणधीर सिंह भदौरिया ऊपर पहुंचे और कमरों के टूटे ताले देखे।

एसआईटी गठित
कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे के नेतृत्व में आठ सदस्यीय एसआईटी मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस ने एक आपराधिक गिरोह के तीन संदिग्धों का पीछा किया।

आरोपी थैला छोड़कर फरार हो गए, जिसमें चांदी के जेवर, एक रिवॉल्वर और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस की टीमें अशोकनगर, गुना, रायसेन, गांधीनगर सहित अन्य स्थानों पर आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में चोरी गए जेवरों की सूची भी पुलिस को सौंप दी गई है।