बेंगलुरु-मैसूर; बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए. बीच हाईवे पर, जहां गाड़ियां रफ्तार से दौड़ रही हैं, वहां कुछ गुंडों ने एक चलती कार को रुकवाया और फिर जो किया वो कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है. पीछे चल रही एक गाड़ी के डैशकैम में यह पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
यह पूरी घटना बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे के मद्दूर स्ट्रेच की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक नीले रंग की कार हाईवे पर जा रही होती है. तभी अचानक पुरुषों का एक ग्रुप उस गाड़ी को घेर लेता है. वो लोग जबरन कार का दरवाजा खोलते हैं और ड्राइवर सीट पर बैठे शख्स पर ताबड़तोड़ घूंसे बरसाना शुरू कर देते हैं. वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और गुंडे सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाते रहे.
बीच हाइवे पर अचानक क्या हुआ?
इस हमले का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि उस नीली कार में सिर्फ ड्राइवर अकेला नहीं था. गाड़ी के अंदर एक महिला और एक छोटा बच्चा समेत करीब 4 से 5 लोग सवार थे. हमलावर इस कदर बेखौफ थे कि उन्हें गाड़ी में बैठे बच्चे और महिला का भी ख्याल नहीं आया. अंदर बैठे लोग जान की भीख मांग रहे थे लेकिन गुंडों पर खून सवार था.
महिला हाथ जोड़कर रोती रही
वीडियो के आखिर में दिखता है कि गाड़ी के अंदर बैठी महिला खुद को रोक नहीं पाती. वो हिम्मत करके कार से बाहर निकलती है और हमलावरों के सामने हाथ जोड़कर रोने लगती है. वो लगातार गुंडों से गुहार लगा रही थी कि उसके परिवार को छोड़ दिया जाए. इसके बाद भी हमलावरों का दिल नहीं पसीजा और उन्होंने ड्राइवर को कार से बाहर खींच लिया और सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटना जारी रखा. इस वीडियो को एक्स पर कई लोगों ने शेयर किया है.
जब पानी सिर से ऊपर चला गया और हमला थमता नहीं दिखा, तो हाईवे से गुजर रहे कुछ दूसरे लोग और राहगीर अपनी गाड़ियां रोककर आगे आए. वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई और हमलावर भीड़ को पीछे धकेलने की कोशिश की. अगर राहगीर बीच-बचाव नहीं करते, तो शायद कोई बहुत अनहोनी घटना घट सकती थी.
वजह अब भी है साफ नहीं
इस खौफनाक हमले के पीछे की असली वजह क्या थी, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है. क्या यह रोड रेज का मामला है या फिर कोई पुरानी रंजिश, इस पर सस्पेंस बना हुआ है. लेकिन वजह जो भी हो, बीच सड़क पर किसी परिवार को इस तरह निशाना बनाना बेहद खौफनाक है. इस घटना ने एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले परिवारों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है.
हैरानी की बात यह है कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी पुलिस की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. इस घटना से साफ है कि इन बदमाशों के मन में कानून और पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है. लोग अब सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.