आंधी-तूफान और बारिश… दिल्ली-यूपी में 4 दिन IMD अलर्ट, उत्तराखंड, हिमाचल से राजस्थान तक भारी बरसात

नई दिल्ली: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा से लेकर पूरे उत्तर भारत में मॉनसून तो 4 से 5 दिन पहले ही पहुंच चुका है.लेकिन अभी भी तेज बारिश का इंतजार है. दिल्ली-एनसीआर में 12 जुलाई तक बारिश का अलर्ट है, लेकिन देखना होगा कि क्या मॉनसून असर दिखाएगा और राहत मिलेगी. वहीं मुंबई, सूरत जैसे शहरों में भारी बारिश हो रही है. उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में भी भारी बारिश का अलर्ट है. नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 7 से 12 जुलाई के दौरान बारिश के संकेत हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 और 12 जुलाई को बारिश की संभावना है. पूर्वी राजस्थान में भी 9 जुलाई तक बरसात का मौसम रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 12 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा.

उत्तराखंड में आज का मौसम
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख के साथ उत्तराखंड में 12 जुलाई तक भारी बारिश होने की संभावना है.इस दौरान आंधी, बिजली गिरने के साथ बादलों की गड़गड़ाहट भी परेशान कर सकती है. उत्तराखंड में 12 जुलाई तक आंधी, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी है. हिमाचल प्रदेश में भी 8 से 12 जुलाई के दौरान भारी बारिश का अलर्ट है. हिमाचल में शिमला, मनाली में भी तेज बारिश का मौसम है.

पंजाब-हरियाणा में आज बारिश
पंजाब में 7 से 9 जुलाई और 11-12 जुलाई के बीच, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 7 से 9 और फिर 10-12 जुलाई के बीच बारिश होने के आसार हैं. जबकि पूर्वी राजस्थान में 12 जुलाई तक लगातार भारी बारिश होने की संभावना है.वेस्ट यूपी में भी अगले 1-2 दिन बरसात हो सकती है. पश्चिमी राजस्थान में 9 जुलाई के दौरान आंधी, तूफान के साथ बिजली कड़कने और तेज हवाओं का दौर चलेगा.

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7-9 जुलाई और फिर 12 जुलाई तक और पूर्वी मध्य प्रदेश में 10-12 जुलाई तक बारिश का अलर्ट है. विदर्भ में 9-12 जुलाई तक, छत्तीसगढ़ में 8 से 11 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है.एमपी में आंधी चलने और बिजली गिरने की भी चेतावनी है.

मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट
गुजरात के साथ महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का अलर्ट है. मुंबई में भी भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट है. मुंबई, ठाणे, पालघर जैसे इलाकों में स्कूल-कॉलेज बंद किए गए हैं. कोंकण और गोवा में 12 जुलाई तक, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ में 8 से 12 जुलाई तक भारी बारिश होने की संभावना है. गुजरात में जाम नगर, सूरत जैसे इलाकों में जबरदस्त मूसलाधार बारिश हो रही है.

मॉनसून अपडेट – एमपी-छत्तीसगढ़ में बारिश
झारखंड और उससे करीब उत्तरी ओडिशा के इलाकों में एक दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. देश के मध्य हिस्से यानी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिनों के दौरान सक्रिय रहने से भारी बारिश होने की संभावना है. छत्तीसगढ़ के साथ कोंकण, गुजरात और कर्नाटक के कुछ इलाकों में 7 जुलाई को भी बारिश की संभावना है. पश्चिम बंगाल, सिक्किम में भी भारी बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात के साथ हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में मॉनसून आगे बढ़ने के अनुकूल हालात हैं.