बिहार के दरभंगा के जाले प्रखंड के बीडीओ मनोज कुमार की पत्नी की दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी प्रेमिका एएसआई अनु कुमारी को भी गिरफ्तार कर लिया। मनोज को मंगलवार को दरभंगा से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने मनोज को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि महिला दारोगा को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया।
एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि 10 लाख रुपये दहेज के लिए पत्नी अमृता कुमारी की हत्या के आरोपित बीडीओ मनोज से पूछताछ में बेगूसराय में पदस्थापित एएसआई अनु कुमारी से उनके प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई। अमृता के भाई ने जहर दे बहन की हत्या का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि दोनों की लव स्टोरी 6 साल पुरानी है जिसमें मृतका अमृता कॉमन किरदार थी।
अमृता की मौत के दिन भी पटना में मिले थे मनोज और अनु?
अमृता के भाई राजकुमार ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि अनु से प्रेम संबंध का विरोध करने के कारण मनोज उसकी बहन को प्रताड़ित करता था। दहेज और प्रेम संबंध के विरोध के कारण ही जहर देकर अमृता की हत्या की गई। राजकुमार ने अपनी शिकायत में मनोज के साथ अनु और अमृता के ससुर, सास, देवर और ननद को भी आरोपित बनाया है। पता चला है कि जिस दिन बीडीओ मनोज की पत्नी अमृता की मौत हुई थी उस दिन मनोज और अनु पटना में मिले थे। अनु दरभंगा में यूनिवर्सिटी एग्जाम देकर पटना गई थी और बीडीओ मनोज ट्रेनिंग को लेकर पटना में ही था। अमृता को दोनों की ओर से वीडियो कॉल करने की भी बात सामने आई है। अनु और अमृता कॉलेज फ्रेंड थे जबकि मनोज और अनु के बीच नौकरी की तैयारी वाली कोचिंग के क्लास में मुजफ्फरपुर में दोस्ती हुई थी।
2020 से रिलेशन
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीडीओ मनोज कुमार, अमृता और अनु तीनों की आपस में जान पहचान थी। अनु और अमृता सीतामढ़ी की रहने वाली थीं। कोचिंग के दौरान 2020 में मनोज संपर्क में आया। मनोज और अमृता की नजदीकियां बढ़ीं तो दोनों ने शादी कर ली। लेकिन, अनु से भी मनोज का कनेक्शन जारी था। अमृता को जब पता चला तो उसने अनु को फोन करके उसे मनोज से दूर रहने की नसीहत दी। अनु दूरी बनाने भी लगी। लेकिन, मनोज ने समझा बुझाकर सिचुएशन को मैनेज कर लिया। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा है कि मनोज ने अनु को बीवी से तलाकर लेकर शादी कर लेने का झांसा भी दिया था।
सीसीटीवी वीडियो से मिली बड़ी लीड
मिठनपुरा थाना क्षेत्र के कन्हौली में हुए इस हत्याकांड में पुलिस को एक वीडियो मिला। इसमें कई लोग मिलकर अमृता के साथ मारपीट करते देखे गए। इस साक्ष्य के बाद बीडीओ और अनु की गिरफ्तारी की गई है। अनु को सीतामढ़ी से गिरफ्तार किया गया। वह सीतामढ़ी के सुरसंड थाना के राधाउर गांव की निवासी है। उसकी तैनाती बेगूसराय जिला पुलिस बल में है। मनोज का अमृता से 19 दिसंबर 2022 को विवाह हुआ था। आरोप है कि कुछ दिनों बाद ही उसे ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके साथ ही अमृता को पति के प्रेम प्रसंग की भी जानकारी हुई। इसको लेकर भी अक्सर विवाद और अमृता से मारपीट होने लगी। पारिवारिक रूप से पंचायती कराने की कोशिश भी हुई, लेकिन मनोज नहीं माना। राजकुमार का आरोप है कि बीते तीन जुलाई को अमृता को जहर देकर मार दिया गया।
अमृता के गायब मोबाइल टैब व लैपटॉप की तलाश
पुलिस अमृता कुमारी के गायब दो मोबाइल, एक टैबलेट और एक लैपटॉप की तलाश कर रही है। भाई राजकुमार का आरोप है कि गायब उपकरणों में अमृता को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या से जुड़े कई अहम साक्ष्य मौजूद हैं। इन्ही सबूतों को नष्ट करने की नीयत से अमृता के मोबाइल, टैब व लैपटॉप गायब किए गए हैं। मामले में अमृता के पति बीडीओ मनोज कुमार और उनकी प्रेमिका महिला दारोगा की निशानदेही पर गायब मोबाइल व लैपटॉप को बरामद करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
बीडीओ और महिला दरोगा से पूछताछ
गिरफ्तार महिला दारोगा व बीडीओ को आमने-सामने बिठाकर पुलिस ने सवाल पूछे हैं। पहले उन्होंने कई सवालों की जानकारी नहीं होने की बात कही। पुलिस ने जब दोनों की तस्वीर, मोबाइल का टावर लोकेशन व चैटिंग आदि दिखाया, तब उन्होंने आपस में प्रेमप्रसंग होने की बात स्वीकार की। इससे पहले महिला दारोगा ने अपने मोबाइल से संबंधित साक्ष्य डिलीट करने का भी प्रयास किया। फिलहाल दोनों के मोबाइल को खंगाला जा रहा है।
आरोपितों की गिरफ्तारी को छापेमारी जारी
अमृता की दहेज हत्या के केस में नामजद आरोपी जाले बीडीओ मनोज कुमार व उनकी कथित प्रेमिका महिला दारोगा अनु कुमारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस कांड में फरार चल रहे बीडीओ के पिता गंगा साह, मां, भाई अमन कुमार और बहन आरती कुमारी की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है। अमृता के साथ मारपीट व प्रताड़ना का जो सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ था, इसमें सभी नामजद आरोपी का चेहरा साफ दिख रहा था।
सीतामढ़ी की रहने वाली दारोगा बेगूसराय में थी तैनात
हत्याकांड में पुलिस को एक वीडियो मिला। इसमें कई लोग मिलकर अमृता के साथ मारपीट करते देखे गए। इस साक्ष्य के बाद बीडीओ और अनु की गिरफ्तारी की गई है। अनु को सीतामढ़ी से गिरफ्तार किया गया। वह सुरसंड थाना के राधाउर गांव की निवासी है। उसकी तैनाती बेगूसराय पुलिस बल में है। मनोज का अमृता से 19 दिसंबर 2022 को विवाह हुआ था। राजकुमार का आरोप है कि तीन जुलाई को अमृता को जहर देकर मारा गया।