इश्क में बना ‘बेगम’: बुर्के में प्रेमिका से मिलने बंगाल से बिहार पहुंचा आशिक, राज खुला तो हुई जमकर धुनाई

जहानाबाद। शहर के फिदा हुसैन रोड में गुरुवार को एक युवक को अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए बुर्का पहनकर पहुंचना महंगा पड़ गया। लोगों को उसके हाव-भाव और चलने के तरीके पर संदेह हुआ तो उसे रोककर पूछताछ की गई।

जब बुर्का हटाया गया तो महिला की बजाय युवक निकला। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और डायल 112 को सूचना देकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

युवक शेख आलम चक मोहल्ला की ओर से बुर्का पहनकर फिदा हुसैन रोड की तरफ जा रहा था। उसके चलने के तरीके और गतिविधियां लोगों को असामान्य लगीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे रोक लिया।

पूछताछ के दौरान जब उसकी पहचान सामने आई तो वहां भीड़ जुट गई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम किशोर राठौड़ बताया है। वो स्वयं को पश्चिम बंगाल के उत्तर परगना जिले का निवासी बता रहा है।

प्रारंभिक पूछताछ में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। सदर थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

पुलिस यह भी सत्यापित कर रही है कि युवक ने जो नाम और पता बताया है, वह सही है या नहीं। यह भी जांच की जा रही है कि बुर्का पहनकर आने के पीछे केवल प्रेमिका से मिलने का उद्देश्य था या कोई अन्य कारण भी था।