राजस्थान के भरतपुर में 2 पटवारी 30 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार

भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है. ACB मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर ACB चौकी भरतपुर इकाई ने भू-प्रबंध विभाग भरतपुर के दो पटवारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह पटवारी और दिगम्बर सिंह पटवारी के रूप में हुई है. दोनों पर आरोप है कि ये कृषि भूमि की नाप की निशांदेही करने के एवज में परिवादी से रिश्वत मांग रहे थे.

50 हजार रुपये की मांगी थी रिश्वत
ACB चौकी भरतपुर को पटवारी द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी. परिवादी ने बताया कि उसकी और उसके परिवार की खेती योग्य जमीन की पहले नाप की गई थी. जिसकी निशानदेही के लिए दोनों पटवारी प्रदीप सिंह पटवारी व दिगम्बर सिंह पटवारी 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे. इसके बाद रिश्वत की मांग का सत्यापन किया गया.

एसीबी एडिशनल एसपी अमित सिंह ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई और महेन्द्र सिंह पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में आज ट्रेप कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी प्रदीप सिंह पटवारी व दिगम्बर सिंह पटवारी, भू प्रबंध विभाग भरतपुर को 30,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया.

दोनों पटवारी से पूछताछ कर रही एसीबी
एसीबी की टीम अब दोनों गिरफ्तार पटवारी से पूछताछ और आगे कार्रवाई कर रही है. भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत मामला दर्ज कर एसीबी की आगे की कार्रवाई करेगी. एसीबी का कहना है कि अगर किसी से भी किसी काम के बदले कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी व अन्य लोग रिश्वत की मांग करते हैं तो ACB के टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर 9413502834 पर 24 घंटे शिकायत दर्ज कर सकते हैं.