मेरठ: कार में पूरा परिवार बैठा था. सब अपने सफर पर निकले थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ ही मिनटों में उनकी जान पर बन आएगी. जैसे ही कार मेरठ-हापुड़ रेलवे लाइन के चंदसारा रेलवे अंडरपास में पहुंची, वहां भरे गहरे पानी में फंस गई. देखते ही देखते कार डूबने लगी और अंदर बैठे परिवार के लोग मदद के लिए चीखने लगे. उस वक्त ऐसा लग रहा था कि अगर कुछ मिनट और देर हो गई, तो बड़ा हादसा हो सकता था.
यह घटना लगातार हो रही बारिश के बाद हुई. बारिश की वजह से चंदसारा रेलवे अंडरपास पूरी तरह पानी से भर गया था. पानी इतना ज्यादा था कि उसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल था. इसी बीच एक कार अंडरपास में उतर गई और बीच रास्ते में जाकर बंद हो गई. कुछ ही पलों में कार पानी में डूबने लगी और अंदर बैठे लोग घबरा गए.
परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़ पड़े. किसी ने रस्सी का इंतजाम किया तो कुछ लोग अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में उतर गए. ग्रामीणों ने बड़ी सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए रस्सी की मदद से कार तक पहुंच बनाई. काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे परिवार के सभी सदस्यों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
ग्रामीणों की इस बहादुरी की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया. अगर कुछ मिनट और देर हो जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी. मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली और परिवार के सुरक्षित बाहर निकलने पर ग्रामीणों का धन्यवाद किया.
इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का किसी स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बना लिया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखने वाले लोग ग्रामीणों की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई लोग उन्हें परिवार के लिए ‘देवदूत’ बता रहे हैं, जिन्होंने बिना किसी स्वार्थ के अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की जान बचाई.