मुजफ्फरनगर में पुलिस की गाड़ी अनियंत्रित होकर गन्ने के खेत में पलटी

मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर गांव के समीप छोटे रजवाहे के पास जा रही डायल-112 की गाडी टायर फिसलने से अनियंत्रित होकर गन्ने के खेत में पलट गई। गाड़ी में चालक सहित तीन पुलिसकर्मी सवार थे। राहगीरों की मदद से तीनों पुलिसकर्मी सुरक्षित गाड़ी से बाहर निकल गए।

जनपद के पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि सिखेड़ा थाना क्षेत्र के इलाके में तैनात डायल-112 (पीआरवी-5909) टीम को मंसूरपुर क्षेत्र से एक इवेंट प्राप्त हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल उसके लिए रवाना हुई।

मंसूरपुर गांव के समीप गाड़ी रजवाहे की पटरी पर बने कच्चे मार्ग से होकर निकल रही थी। मार्ग गीला होने की वजह से गाड़ी का टायर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर बराबर में गन्ने के खेत में पलट गई।

राहगीरों व स्थानीय निवासियों की मदद से गाड़ी में सवार कांस्टेबल प्रवीण, हरेंद्र और बसंत सकुुशल गाड़ी से बाहर निकल गए। मंसूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन बुलवाकर गाड़ी को खेत से बाहर निकलवाया गया।

सड़क हादसे में युवक की मौत
पुरकाजी: पुरकाजी-लक्सर हाईवे के बढ़ीवाला में देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। थाना प्रभारी डा. मानवेंद्र सिंह ने बताया कि देर रात बढ़ीवाला में पैदल जा रहे एक युवक को वाहन ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में युवक बुरी तरह घायल हो गया था। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भिजवाया।

वहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास कोई आइडी कार्ड आदि नहीं होने के कारण आसपास के लोगों को बुलाकर शिनाख्त करने का प्रयास किया गया लेकिन पहचान नहीं हो सकी। अगर पहचान नहीं होती तो 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।